भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

लगातार दो बार फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम

भारतीय टीम लगातार दो टी20 विश्व कप फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल खेला था। उस मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

पहले पाकिस्तान और श्रीलंका कर चुके हैं यह कारनामा

भारत से पहले टी20 विश्व कप में लगातार दो बार फाइनल खेलने का कारनामा पाकिस्तान और श्रीलंका ने किया है। पाकिस्तान ने 2007 और 2009 के टी20 विश्व कप का फाइनल खेला था।

2007 में हार, 2009 में पाकिस्तान बना चैंपियन

2007 के फाइनल में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि 2009 के फाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीत लिया था।

2012 और 2014 में श्रीलंका ने खेला फाइनल

श्रीलंका ने 2012 और 2014 के टी20 विश्व कप का फाइनल खेला था। 2012 के फाइनल में उसे वेस्टइंडीज से हार मिली थी, जबकि 2014 में श्रीलंका ने भारत को हराकर खिताब जीत लिया था।

भारत चौथी बार पहुंचा टी20 विश्व कप फाइनल

टी20 विश्व कप 2026 इस टूर्नामेंट का 10वां सीजन है। भारतीय टीम कुल चौथी बार फाइनल में पहुंची है।

भारत के टी20 विश्व कप फाइनल का सफर

2007 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले एडिशन में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2014 में भारतीय टीम फाइनल में पहुंची, लेकिन श्रीलंका से हार गई। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया।

8 मार्च को तीसरा टी20 विश्व कप जीतने के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम

8 मार्च को भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टी20 विश्व कप जीतने के इरादे से उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड अपने पहले खिताब की तलाश में होगा।

टी20 विश्व कप की सबसे सफल टीमें

भारत (2007, 2024), इंग्लैंड (2010, 2022) और वेस्टइंडीज (2012, 2016) तीन ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने 2-2 बार टी20 विश्व कप जीता है। वहीं पाकिस्तान (2009), श्रीलंका (2014) और ऑस्ट्रेलिया (2021) एक-एक बार खिताब जीत चुकी हैं। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी बड़ी टीमों को अभी भी अपने पहले टी20 विश्व कप खिताब का इंतजार है। (इनपुट: आईएएनएस)