भारत-साइप्रस मिलकर बनाएंगे रणनीतिक रोडमैप, रक्षा सहयोग और व्यापार को मिलेगा विस्तार : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को साइप्रस दौरे के दौरान कहा कि भारत और साइप्रस आने वाले पांच वर्षों में द्विपक्षीय सहयोग को रणनीतिक दिशा देने के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार करेंगे। उन्होंने यह बयान साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ साझा प्रेस वार्ता के दौरान दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि साइप्रस का ‘विजन 2035’ और भारत का ‘विकसित भारत 2047’ आपसी समानता दर्शाते हैं, इसलिए दोनों देश साझा विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के बीच ‘रक्षा सहयोग कार्यक्रम’ के तहत रक्षा उद्योग पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही, साइबर सुरक्षा और समुद्री सुरक्षा पर एक अलग संवाद भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आतंकवाद, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए दोनों देशों की एजेंसियों के बीच रीयल-टाइम जानकारी साझा करने की व्यवस्था की जाएगी। पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की साइप्रस द्वारा की गई समर्थन की सराहना की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में साइप्रस के निरंतर सहयोग का आभार जताया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि यह दो दशकों में पहली बार है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री साइप्रस की यात्रा पर आया है। उन्होंने कहा, “यह भारत-साइप्रस साझेदारी का नया अध्याय लिखने का अवसर है। साइप्रस की धरती पर कदम रखते ही राष्ट्रपति और यहां की जनता ने जो प्रेम और सम्मान दिया, उसने मेरा दिल छू लिया।” साइप्रस की यात्रा के दौरान पीएम मोदी को राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस द्वारा ‘Grand Cross of the Order of Makarios III’ से सम्मानित किया गया। यह साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो वहां के पहले राष्ट्रपति मकारीओस तृतीय के नाम पर दिया जाता है। इसे प्राप्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह हमारी मित्रता, साझा मूल्यों और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि यह सम्मान दोनों देशों की शांति, सुरक्षा, सम्प्रभुता और जनता की समृद्धि के लिए साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वहीं विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत और साइप्रस के रिश्तों को और मजबूत व विविधतापूर्ण बनाने की नई प्रतिबद्धता के रूप में स्वीकार किया है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई। आर्थिक संबंधों पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ इस वर्ष के अंत तक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ‘India-Cyprus-Greece Business and Investment Council’ की शुरुआत की गई थी, जो त्रिपक्षीय व्यापार को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

पीएम मोदी ने साइप्रस को भारतीय पर्यटकों के लिए ‘पसंदीदा गंतव्य’ बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने साइप्रस में योग और आयुर्वेद के प्रसार पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचे थे। लारनाका इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति क्रिस्टोडुलाइड्स ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लिमासोल में भारतीय प्रवासी समुदाय ने भी उनका भावनात्मक स्वागत किया। दौरे के दौरान उन्होंने व्यापारिक राउंडटेबल में भाग लिया और प्रमुख CEO के साथ भी बातचीत की। -(ANI)

RELATED ARTICLES

30/04/26 | 4:27 pm | New York City Mayor Zohran Mamdani; Britain King Charles

कोहिनूर को लेकर न्यूयार्क के मेयर का बड़ा बयान, बोले-हीरा भारत से की ब्रिटिश लूट का प्रतीक

उपनिवेश-विरोधी बयानों से सुर्खियों में रहने वाले न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा ह...

23/04/26 | 5:35 pm | All India Institute of Ayurveda Sciences

उपराष्ट्रपति ने ऋषिकेश एम्स के विस्तार की सराहना की, कहा-स्वास्थ्य सेवा अस्पतालों से परे होनी चाहिए

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज गुरुवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद...