भारत ने गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका के खिलाफ अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत को पहली पारी में 178 रन की शानदार बढ़त मिली। श्रीलंका की पारी समाप्त होने के बाद खराब मौसम के कारण आगे का खेल नहीं हो सका और दिन का खेल खत्म घोषित कर दिया गया।
जायसवाल-राहुल ने दी मजबूत शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दी। जायसवाल 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने मोर्चा संभाला और राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
पड्डिकल का शानदार शतक
पड्डिकल ने ऋषभ पंत के साथ भी 71 रन की साझेदारी की। भारत की ओर से पड्डिकल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौकों की मदद से सर्वाधिक 167 रन बनाए। पंत ने 39 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 68 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। मानव सुथार और जुरेल के बीच भी 55 रन की उपयोगी साझेदारी हुई।
जयसूर्या ने झटके 4 विकेट
श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट चटकाए। केशरा नुवानथा को 3 और असिथा फर्नांडो को 2 विकेट मिले।
दूसरी गेंद पर श्रीलंका को लगा झटका
462 रन के जवाब में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की दूसरी ही गेंद पर निशान फर्नांडो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद विकेटों का पतझड़ जारी रहा और श्रीलंका ने महज 90 रन के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए।
दिनुशा और डिकवेला ने संभाली पारी
मुश्किल में फंसी श्रीलंकाई टीम को सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 146 रन की शानदार साझेदारी की। डिकवेला ने 115 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 80 रन बनाए, जबकि सोनल दिनुशा ने 6 चौकों के साथ 100 रन की पारी खेली।
सुथार-जडेजा ने चटकाए 7 विकेट
भारत की ओर से मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 21.4 ओवर में 76 रन देकर 4 विकेट चटकाए। रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के चलते श्रीलंका 284 रन पर सिमट गया और भारत ने 178 रन की बढ़त हासिल कर ली। (इनपुट: आईएएनएस)


