वेनेजुएला में हालात को लेकर भारत ने जताई चिंता, बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की अपील

वेनेजुएला में अमेरिका के हमले के बाद से देश में अस्थिरता का माहौल है। वेनेजुएला में हालात को लेकर भारत ने जताई चिंता और बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय ने आज रविवार को प्रेस रिलीज जारी करते हुए लिखा, “वेनेजुएला में हाल की घटनाएं गहरी चिंता का विषय हैं। हम बदलते हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं। भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध। हम सभी संबंधित लोगों से अपील करते हैं कि वे बातचीत के जरिए शांति से मुद्दों को सुलझाएं, ताकि इलाके में शांति और स्थिरता बनी रहे।”

मंत्रालय ने आगे लिखा कि काराकास में भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के लोगों के संपर्क में है और हर मुमकिन मदद देता रहेगा। वहीं, विदेश मंत्रालय की ओर से वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई।

मंत्रालय का यह बयान कल शनिवार को वेनेजुएला में अमेरिकी डेल्टा फोर्स के एक सैन्य बेस पर हमला करने के बाद आया है। अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में अलग-अलग जगहों पर हमला किया और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ पकड़ लिया।

अमेरिकी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को एक वॉरशिप पर बिठाकर न्यूयॉर्क ले जाया गया, जहां फेडरल कोर्ट में “नार्को-टेररिज्म” के चार्ज फाइल किए गए हैं।

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने वेनेजुएला के नेता के खिलाफ दाखिल आरोप पत्र को सार्वजनिक किया। ये आरोप पत्र न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के जिला कोर्ट में फाइल किया गया था। अभियोजक ने आरोप लगाया है कि मादुरो ने दो दशक से ज्यादा समय तक पावर का इस्तेमाल करके भारी मात्रा में कोकीन अमेरिका की ओर भेजी। उन पर नार्को-टेररिज्म की साजिश, कोकीन इम्पोर्ट करने की साजिश, फायरआर्म्स अपराध आदि में शामिल होने का आरोप है।

दूसरी ओर, वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को वहां की अंतरिम राष्ट्रपति बनाया गया है। अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पकड़े जाने के बाद, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ऑफ जस्टिस ने शनिवार देर रात वहां की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति की जिम्मेदारी सौंपने का आदेश दिया। (इनपुट-आईएएनएस)

 

 

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...