26/10/26 | 3:40 pm | jamnagar | Kutch

Print

दक्षिण कोरिया के साथ साझेदारी के जरिए भारत की नजर वैश्विक जहाज निर्माण पर : सर्बानंद सोनोवाल

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्लू) सर्बानंद सोनोवाल अभी दक्षिण कोरिया की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान वे कोरियाई उद्योग जगत के सामने भारत में समुद्री क्षेत्र के अवसरों को पेश कर रहे हैं।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों देश जहाज निर्माण (शिपबिल्डिंग) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। इसका उद्देश्य भारत को 2047 तक दुनिया के शीर्ष पांच जहाज निर्माता देशों में शामिल करने के लक्ष्य की ओर ले जाना है।

केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने अपनी यात्रा की शुरुआत बुसान से की, जिसे उन्होंने कोरियाई समुद्री उद्योग का केंद्र बताया। वहां उन्होंने कोरियाई जहाज निर्माण क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय पेशेवरों से बातचीत की। उन्होंने कहा, “दुनिया के सबसे उन्नत जहाज निर्माण इकोसिस्टम में से एक, यानी कोरिया में आपकी मौजूदगी भारत के लिए गर्व की बात है।”

उन्होंने बताया कि भारत को बड़ी संख्या में जहाज निर्माताओं, मरीन इंजीनियरों, नेवल आर्किटेक्ट्स, डिजाइनरों, वेल्डरों, प्रोजेक्ट मैनेजरों और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों की जरूरत है। उन्होंने इन पेशेवरों से कहा कि वे कोरिया में हासिल किए गए अपने अनुभव को भारत लाएं या फिर कोरिया में रहते हुए ही भारतीय कंपनियों को सहयोग दें।

उन्होंने उनसे आग्रह किया कि अप्रैल में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्युंग की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच अपनाए गए ढांचे (फ्रेमवर्क) को केवल एक सरकारी समझौते के रूप में न देखें। ‘वॉयजेस’ नामक इस ढांचे में जहाज निर्माण, शिपिंग और समुद्री लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में सहयोग शामिल है।

सोनोवाल ने कहा, “मैं चाहता हूं कि आप ‘वॉयजेस’ को केवल एक सरकारी ढांचे के रूप में न देखें, बल्कि इसे अपने पेशेवर विकास और भारत के समुद्री भविष्य के लिए एक मंच के रूप में देखें।” उन्होंने कहा कि आप दोनों देशों में अपने नेटवर्कों के बीच एक जीवंत पुल की तरह काम कर सकते हैं।” उन्होंने उनसे युवा भारतीय पेशेवरों का मार्गदर्शन करने और ‘इंडिया शिप टेक्नोलॉजी सेंटर’ तथा भारत और ‘कोरिया इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी’ के बीच जहाज निर्माण कौशल साझेदारी में हिस्सा लेने का आग्रह किया।

सोनोवाल ने समुदाय से शिपयार्ड की उत्पादकता और प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव मांगे। इसके अलावा, उन्होंने विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी कुशल कार्यबल तैयार करने और तकनीक, विनिर्माण तथा नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय औद्योगिक सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर भी सुझाव मांगे।

सोनोवाल ने कहा, “हम जहाज निर्माण, शिपिंग, बंदरगाहों और समुद्री लॉजिस्टिक्स के क्षेत्रों में कोरिया के साथ साझेदारी करना चाहते हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी के ‘मैरीटाइम इंडिया विजन 2030’ और ‘मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047’ के तहत भारत का लक्ष्य जहाज निर्माण, जहाज की मरम्मत, समुद्री विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स के लिए एक विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धी केंद्र बनना है। केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में वैश्विक जहाज निर्माण उद्योगों के प्रमुखों के साथ बैठकें, समुद्री उद्योग निकायों के साथ चर्चा और अन्य समुद्री थिंक टैंक तथा अनुसंधान संस्थानों के साथ संवाद शामिल है। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

24 mins ago | Assam Culture and Bihu Festival

भूपेन दा के गीतों में बसती है एक युग की चेतना, नाराज फूफाओं को भी सुनने चाहिए उनके गीत : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषा, खान-पान, परिवेश और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन विकसित भारत के...

59 mins ago | Bhupen Hazarika 100th Birth Anniversary

भाषा और संस्कृति अलग, लेकिन विकसित भारत का संकल्प एक : विपक्ष पर पीएम मोदी का कटाक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समाप...