भारत ने जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले को किया नाकाम

भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान द्वारा उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है। इन हमलों में जम्मू, पठानकोट और उधमपुर जैसे सीमावर्ती इलाके शामिल थे। हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (HQ IDS) के मुताबिक भारतीय सेना ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SoP) का पालन करते हुए त्वरित और सटीक प्रतिक्रिया दी, जिसमें ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया गया। सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म ‘एक्स’ पर HQ IDS ने बताया,”जम्मू और कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित सैन्य ठिकानों-जम्मू, पठानकोट और उधमपुर को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया जिसे भारतीय सशस्त्र बलों ने kinetic और non-kinetic दोनों तरीकों से खतरे को नाकाम कर दिया।”

विदेश मंत्रालय की प्रेस-कांफ्रेस में कर्नल सोफिया कुरैशी ने पुष्टि की कि भारत की इंटीग्रेटेड काउंटर-UAS ग्रिड और वायु रक्षा प्रणालियों ने हमले को सफलतापूर्वक रोका। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आज सुबह भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई स्थानों पर स्थित एयर डिफेंस रडार और प्रणालियों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा, “भारत की प्रतिक्रिया भी उसी स्तर और तीव्रता की रही जैसी पाकिस्तान की थी। जानकारी मिली है कि लाहौर स्थित एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।”

कर्नल कुरैशी ने बताया कि 7-8 मई की रात पाकिस्तान ने अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित कई स्थानों पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारत की मजबूत वायु रक्षा प्रणाली ने सभी प्रयासों को विफल कर दिया। कई स्थानों से ड्रोन और मिसाइलों के मलबे बरामद किए गए हैं, जो हमले की पुष्टि करते हैं। यह घटनाक्रम भारत द्वारा 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुआ। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को सटीक और सीमित हमलों में निशाना बनाया गया। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा, “हमारी कार्रवाई संयमित, सीमित और गैर-उत्तेजक रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है।”

कर्नल कुरैशी ने दोहराया कि 7 मई को भारत ने स्पष्ट कर दिया था कि भारतीय सैन्य संपत्तियों पर किसी भी हमले का “उचित जवाब” दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र सरकार ने संसद एनेक्सी में सभी दलों की बैठक बुलाई, जिसमें सुरक्षा स्थिति और भारत की सैन्य प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित थे। बैठक के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को जानकारी दी।-(ANI)