भारत-फ्रांस के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ कल बुधवार से, रक्षा सहयोग को बढ़ावा

भारत और फ्रांस की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ का आठवां संस्करण 18 जून 2025 से फ्रांस में शुरू हो रहा है। यह अभ्यास 1 जुलाई तक फ्रांस के ला कावालरी स्थित कैम्प लारजैक में चलेगा। इसमें दोनों देशों की सेनाओं की कुल 180 सैनिक हिस्सा लेंगे, जिनमें भारत और फ्रांस की ओर से 90-90 सैनिक शामिल हैं। भारतीय दल में जम्मू-कश्मीर राइफल्स की एक बटालियन के सैनिकों के अलावा सेना की अन्य शाखाओं और सेवाओं के जवान भी भाग लेंगे। वहीं फ्रांसीसी सेना की ओर से यह टुकड़ी 13वीं फॉरेन लीजन हाफ ब्रिगेड की होगी। इस अभ्यास में आतंकवाद विरोधी अभियानों से जुड़ी गतिविधियों पर खास ध्यान दिया जाएगा।

अभ्यास ‘शक्ति’ भारत और फ्रांस के बीच होने वाला द्विवार्षिक (हर दो साल में एक बार) संयुक्त सैन्य अभ्यास है। इसका उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच पारस्परिक समझ, समन्वय, रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करना है। इसके अलावा, यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत उप-पारंपरिक युद्ध पर भी केंद्रित रहेगा।

यह अभ्यास न केवल दोनों देशों को नई पीढ़ी के सैन्य उपकरणों पर प्रशिक्षण का मौका देगा, बल्कि सैनिकों की शारीरिक सहनशक्ति को भी मजबूत करेगा। इसके माध्यम से दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग, आपसी सम्मान और व्यावसायिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी। ‘शक्ति-8’ अभ्यास भारत और फ्रांस के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का प्रतीक है और इससे दोनों देशों के रणनीतिक रिश्ते और भी प्रगाढ़ होंगे। -(IANS)

RELATED ARTICLES

13/10/26 | 1:01 am

भारतीय नौसेना में शामिल हुआ स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धपोत आईएनएस मंगरोल

भारतीय नौसेना ने 12 अक्टूबर 2026 को मुंबई स्थित नौसेना गोदी में स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस मंगरोल (पी82...

09/10/26 | 5:37 pm | CDS General Anil Chauhan Karwar Naval Base

भारतीय नौसेना के बुनियादी ढांचे को मजबूती, सीडीएस ने कारवार बेस पर सुविधाओं का किया उद्घाटन

भारतीय नौसेना के कारवार अड्डे को और बड़े नौसैनिक केंद्र के रूप में विकसित करने का काम तेजी से आग...