अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना में ने सोमवार को कहा कि भारत की अध्यक्षता में होने वाला 18वां BRICS शिखर सम्मेलन वैश्विक सहयोग को मजबूत करने और ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि भारत इस मंच को अधिक समावेशी और लोगों पर केंद्रित बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
चौना में ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला यह शिखर सम्मेलन मजबूत वैश्विक साझेदारी बनाने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
‘Humanity First’ की सोच के साथ आगे बढ़ रहा भारत
चौना में ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘Humanity First’ विजन और लोगों को केंद्र में रखने वाली सोच के तहत भारत BRICS को ग्लोबल साउथ के लिए अधिक व्यावहारिक और प्रभावी मंच बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
2026 में BRICS के 20 साल पूरे
भारत ने इस साल 1 जनवरी को BRICS की अध्यक्षता संभाली थी। यह चौथी बार है जब भारत इस समूह की अध्यक्षता कर रहा है।
वर्ष 2026 में BRICS की स्थापना के 20 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं।
चौना में ने कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम ‘Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ है। इसके तहत आर्थिक विकास, तकनीकी प्रगति और सतत विकास से सीधे जुड़े मुद्दों पर जोर दिया जा रहा है।
AI, डिजिटल तकनीक और वित्तीय सहयोग पर फोकस
उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन में Innovation, Artificial Intelligence (AI) और Digital Technologies जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा विश्वसनीय सप्लाई चेन, वित्तीय सहयोग, स्थानीय मुद्राओं में व्यापार, जलवायु कार्रवाई, स्वच्छ ऊर्जा और युवाओं को सशक्त बनाने जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
चौना में ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ Zero Tolerance की नीति को भी दोहराया जाएगा।
सामूहिक समाधान का मंच बन रहा BRICS
अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की नेतृत्वकारी भूमिका एक अधिक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ वैश्विक भविष्य को आकार देने में मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास BRICS को उभरती वैश्विक चुनौतियों के लिए सामूहिक समाधान खोजने वाले प्रभावी मंच के रूप में स्थापित करना है।
-(इनपुटः PTI)


