भारत और इटली ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। दोनों देशों ने कहा कि वैज्ञानिक सहयोग आपसी संबंधों को मजबूत करने, एक-दूसरे के प्रति समझ बढ़ाने और टिकाऊ आर्थिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह और इटली की विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री अन्ना मारिया बर्निनी ने रोम में आयोजित दूसरे भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद के दौरान इस प्रतिबद्धता को दोहराया।
दोनों मंत्रियों ने संबंधित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के क्रियान्वयन को लेकर निरंतर संवाद बनाए रखने और दोनों देशों के वैज्ञानिक एवं नवाचार तंत्र के बीच व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति जताई। इसका उद्देश्य दोनों देशों को ठोस और दीर्घकालिक लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर दोनों पक्षों ने भारत और इटली के बीच लंबे समय से चले आ रहे वैज्ञानिक एवं तकनीकी संबंधों को भी याद किया। इन संबंधों को 28 नवंबर 2003 को नई दिल्ली में दोनों देशों की सरकारों के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग के लिए हुए समझौते से आधार मिला है।
मंत्रियों ने वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग के लिए 11 अप्रैल 2025 को नई दिल्ली में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन का स्वागत किया। उन्होंने इस साझा रूपरेखा को ठोस संयुक्त पहलों में बदलने के लिए जारी प्रयासों की भी सराहना की।
दोनों देशों ने भारत-इटली संयुक्त समिति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। यह समिति 2025 के समझौता ज्ञापन और 2003 के द्विपक्षीय समझौते के तहत सहयोग गतिविधियों के क्रियान्वयन और उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाती है।
मंत्रियों ने बताया कि संयुक्त समिति वर्ष 2027 में अनुसंधान प्रस्तावों के लिए संयुक्त आह्वान शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। इसके माध्यम से भारत और इटली के शोधकर्ता मिलकर अनुसंधान कर सकेंगे, एक-दूसरे की वैज्ञानिक विशेषज्ञता का लाभ उठा सकेंगे और संस्थानों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी विकसित कर सकेंगे।
संवाद के दौरान दोनों देशों के अनुसंधान एवं नवाचार क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने साझा वैज्ञानिक और तकनीकी प्राथमिकताओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा भविष्य में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की।
-(इनपुटः आईएएनएस)


