काशी से क्योटो तक साझी समृद्धि की नई राह बना रही भारत-जापान मैत्री : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-जापान मैत्री को विश्वास की विरासत, विकास की साझेदारी और दो प्राचीन संस्कृतियों की आत्मीयता का जीवंत सेतु बताया है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे ने दोनों देशों की इस आत्मीय मैत्री को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी से क्योटो तक यह संबंध अब सांस्कृतिक जुड़ाव से आगे बढ़कर साझी समृद्धि की नई राह बना रहा है।

‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत-जापान की आत्मीय मैत्री और शिंजो आबे की स्मृतियों को समर्पित ‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का बुधवार को लोकार्पण होगा। काशी स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में वह भी सहभागिता करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे के प्रयासों ने भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आर्थिक साझेदारी में भी बढ़ रही मजबूती

सीएम योगी ने भारत-जापान संबंधों के आर्थिक पक्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आत्मीयता अब आर्थिक साझेदारी की नई शक्ति बन रही है। उत्तर प्रदेश जापानी कंपनियों के साथ करीब 90 हजार करोड़ रुपए के एमओयू कर चुका है। उन्होंने कहा कि विश्वास की विरासत और विकास की साझेदारी पर आधारित भारत-जापान संबंध आने वाले समय में दोनों देशों के लिए साझा आर्थिक अवसरों को और मजबूत करेंगे।

काशी-क्योटो साझेदारी बनी सांस्कृतिक सेतु

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और जापान का क्योटो सदियों पुरानी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को साझा करने वाले दो प्राचीन शहर हैं। काशी-क्योटो साझेदारी ने भारत-जापान मैत्री को सांस्कृतिक जुड़ाव से आगे बढ़ाते हुए विरासत संरक्षण, पर्यटन और विकास के साझा मॉडल से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि काशी से क्योटो तक, आस्था से अर्थव्यवस्था तक, दोनों देशों की मैत्री साझी समृद्धि की नई राह बना रही है।

नितिन नबीन की पहली जनसभा में शामिल होंगे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ काशी में कई कार्यक्रमों में भी भागीदारी करेंगे। नितिन नबीन की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद रहेंगे। काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन की यह पहली जनसभा होगी।

आरएएफ के स्थापना दिवस पर जवानों को दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रैपिड एक्शन फोर्स के स्थापना दिवस पर आरएएफ के जवानों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर कहा कि विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में समर्पित आरएएफ के जवानों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अखंडता को अक्षुण्ण रखने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में आरएएफ के जवानों का समर्पण और सेवा भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है। (इनपुट: आईएएनएस)