भारत-जापान ‘भाई-बहन’ की तरह संबंध मजबूत करेंगे : पीएम साने ताकाइची

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने गुरुवार को कहा कि बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत और जापान को अपनी-अपनी ताकत का उपयोग करते हुए आपसी सहयोग को और मजबूत करना चाहिए। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि दोनों देश समान सोच वाले साझेदार हैं और ‘भाई-बहन’ की तरह अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पीएम मोदी के संबोधन पर जताई खुशी

साने ताकाइची ने गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उन्हें स्नेहपूर्वक “छोटी बहन” कहकर संबोधित किए जाने से उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वास और आत्मीयता का रिश्ता लगातार मजबूत हो रहा है।

रणनीतिक सहयोग और इंडो-पैसिफिक पर सहमति

जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कई अहम विषयों पर चर्चा हुई और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई। उन्होंने कहा कि दोनों देश मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और मुक्त एवं खुले इंडो-पैसिफिक (एफओआईपी) के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जापान की अद्यतन एफओआईपी नीति आत्मनिर्भरता और लचीलेपन पर आधारित है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महासागर (एमएएचएएसएजीएआर) पहल भी इसी सोच के अनुरूप है।

समुद्री सुरक्षा सहयोग होगा और मजबूत

साने ताकाइची ने कहा कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जापान की मैरीटाइम सेल्फ-डिफेंस फोर्स का एक डिस्ट्रॉयर और भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत संयुक्त अभियान चलाएंगे। इसके अलावा हिंद महासागर में संयुक्त अभ्यास बढ़ाने, नौसैनिक रखरखाव एवं मरम्मत सहयोग तथा ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा उपकरणों में सहयोग को भी मजबूत किया जाएगा।

विकसित भारत और निवेश पर रहेगा फोकस

जापानी प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन की सराहना करते हुए कहा कि भारत और जापान भविष्य उन्मुख निवेश के माध्यम से दोनों देशों को अधिक मजबूत और समृद्ध बनाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग और निवेश दोनों देशों की साझेदारी को नई मजबूती देंगे।

75वीं वर्षगांठ पर संबंधों को नई ऊंचाई देने का संकल्प

साने ताकाइची ने कहा कि इस वर्ष भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ है और यह दोनों देशों के लोगों को और करीब लाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर भारत-जापान संबंध अब एक नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने अगली बार जापान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की इच्छा भी व्यक्त की। (इनपुट: आईएएनएस)