Print

भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टी20 विश्व कप 2026 का आगाज जीत से किया: टी20 विश्व कप 2026

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया है। भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया। पाकिस्तान पर दमदार जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर बेहद खुश नजर आईं।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान पर दमदार जीत के बाद कहा, “मैं बहुत खुश हूं। सबसे पहले भारतीय फैंस को धन्यवाद देना चाहती हूं। स्मृति और दीप्ति का प्रदर्शन शानदार रहा। वे हमेशा टीम के लिए खड़ी रहती हैं। ऋचा ने भी शानदार बल्लेबाजी की। मैं उसे पारी की शुरुआत में ही भेजना चाहती हूं, लेकिन टीम में उसका रोल निश्चित किया गया है। मैं उसकी बल्लेबाजी से बहुत खुश हूं।”

टीम की फील्डिंग पर हरमनप्रीत कौर ने कहा, “अगर आप सारे कैच पकड़ लेते हैं, तो आप मैच जीत जाते हैं। हमने जिस तरह से हमने फील्डिंग की, उससे बहुत खुश हूं। हर मैच अहम रहा है।”

मैच के दौरान हमरनप्रीत कौर को लंगड़ाते हुए देखा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल ठीक हूं।

मैच पर नजर डालें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। भारतीय पारी की शुरुआत करने आई शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर टीम को धमाकेदार शुरुआत दी, लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सकीं और उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स भी 1 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में जल्द ही आउट हो गईं।

स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारतीय पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 109 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर मंधाना का विकेट गिरा। मंधाना ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। वह 44 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए। पारी के आखिर में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 34 रन बनाकर भारतीय पारी को 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 तक पहुंचाया।

171 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पाकिस्तान टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर सकी। मुनीबा ने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।

भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी की। दीप्ति ने 4 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट लिए। चरणी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 लिए। शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला। दीप्ति प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

12 hours ago | Asian Games 2026

जापान में मनसुख मांडविया ने किया ‘संडे ऑन साइकिल’ का नेतृत्व, एशियन गेम्स के खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जापान के नागोया में 'संडे ऑन साइकिल' अभियान ...

19/09/26 | 4:05 pm | 20th Asian Games

Asian Games 2026: आइची-नागोया में मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ एशियाई खेलों का आगाज

20वें एशियाई खेलों का शनिवार को जापान के आइची-नागोया में मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ‘हाई-...