भारत-न्यूजीलैंड सीरीज फिर हो सकती है प्रभावित, वेलिंगटन वनडे पर बारिश का खतरा 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। शनिवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाने वाला यह मैच मौसम की मार झेल सकता है।

शुक्रवार को वेलिंगटन में दिन के पहले हिस्से में बारिश हुई, जिसके कारण दोनों टीमों को अपनी ट्रेनिंग योजना में बदलाव करना पड़ा। मूल रूप से प्रैक्टिस हेनरी स्टेडियम में होनी थी, लेकिन बारिश के कारण न्यूजीलैंड ने अपना अभ्यास सत्र वेलिंगटन कॉलेज की इनडोर सुविधा में शिफ्ट कर दिया। वहीं भारतीय टीम ने अपना प्रैक्टिस सत्र पूरी तरह रद्द कर दिया।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिन के पहले हाफ में बारिश की 60 प्रतिशत और दूसरे हाफ में 55 प्रतिशत संभावना है। अगर बारिश हुई तो मैच बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

पहले वनडे में भी बारिश ने बिगाड़ा खेल

सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को ऑकलैंड में खेला गया था, जो बारिश की वजह से प्रभावित रहा। न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। भारतीय पारी के दौरान दो बार बारिश रुकावट बनी। दूसरी बार खेल रोके जाने के बाद भारतीय टीम को 32 ओवर में जीत के लिए संशोधित लक्ष्य 143 रनों का मिला।

विराट कोहली के तूफानी 74 रनों (51 गेंदों) की बदौलत टीम इंडिया ने 22.4 ओवर में 5 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच 5 विकेट से जीत लिया। इस मैच में अंशुल कंबोज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 10 ओवर में 2 मेडन सहित महज 22 रन देकर 2 विकेट लिए थे।

आगे का शेड्यूल

वेलिंगटन में शनिवार का दूसरा वनडे खत्म होने के बाद सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में निर्धारित हैं। बारिश का खतरा देखते हुए दोनों टीमें मैच की तैयारियों को लेकर सतर्क हैं। (इनपुट-एजेंसी)