भारत-न्यूज़ीलैंड रणनीतिक साझेदारी से रिश्तों को मिलेगी नई ऊर्जा, वैश्विक शांति में निभाएंगे अहम भूमिका : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ऑकलैंड में भारत-न्यूज़ीलैंड प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान कहा कि दोनों देशों के रिश्ते एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) का नया अध्याय द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा देगा और दोनों देशों के सहयोग को व्यापक बनाएगा।

40 साल बाद यात्रा को बताया ऐतिहासिक अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देने का अवसर बनी है। उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वयं स्वागत के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री लक्सन और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों का विशेष धन्यवाद भी दिया।

एफटीए को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

पीएम मोदी ने कहा कि रिकॉर्ड समय में संपन्न भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (FTA) दोनों देशों के संबंधों में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री लक्सन, उनकी सरकार और पूरी टीम को कम समय में समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई दिशा देगी।

रणनीतिक साझेदारी से बढ़ेगा आपसी सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वर्ष होली के अवसर पर प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरे ने दोनों देशों के संबंधों में नए रंग भर दिए थे। उन्होंने कहा कि अब भारत और न्यूज़ीलैंड अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांध रहे हैं, जिससे भविष्य में सहयोग को नई गति और विश्वास मिलेगा।

हिंद-प्रशांत और वैश्विक शांति के लिए साथ मिलकर करेंगे काम

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और न्यूज़ीलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों में समान विश्वास रखने वाले “नेचुरल पार्टनर” हैं। दो समुद्री देशों के रूप में दोनों का सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा के लिए सकारात्मक उत्प्रेरक (Catalytic Agent) की भूमिका निभाते हुए विश्व कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी न्यूज़ीलैंड यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि रणनीतिक साझेदारी के जरिए भारत और न्यूज़ीलैंड आने वाले समय में व्यापार, निवेश, सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। (इनपुट: पीआईबी)