न्यूजीलैंड के राजस्व मंत्री साइमन वॉट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा को भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के लिए ऐतिहासिक पल बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता आपसी संबंधों को मजबूत करने के साथ बड़े आर्थिक अवसर पैदा करेगा।
साइमन वॉट्स ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के रिश्तों में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत और न्यूजीलैंड को आर्थिक लाभ मिलेगा और व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दोनों देश नियम आधारित वैश्विक व्यवस्था और आपसी सहयोग में विश्वास रखते हैं। यह समझौता इसी सोच को और मजबूत करता है।
वॉट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी को दिखाती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की मेजबानी करना न्यूजीलैंड के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता सिर्फ दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को ही नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए भी एक अहम कदम है।
न्यूजीलैंड के मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के महत्वपूर्ण नेताओं में से एक हैं और उनकी यात्रा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन पीएम मोदी की मेजबानी कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
साइमन वॉट्स ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में सहयोग और तेजी से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने का काम किया है।
(इनपुटः एजेंसी)


