28/02/25 | 10:55 am | $1 million aid | India | Lao PDR | WFP

Print

लाओस में पोषण सुधार के लिए भारत ने की 1 मिलियन डॉलर की मदद

भारत सरकार ने लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक (लाओस) को 1 मिलियन डॉलर की सहायता दी है। यह सहायता भारत-UN विकास साझेदारी कोष के तहत दी गई। इसका उद्देश्य खाद्य पोषण को विशेष रूप से चावल के पोषण स्तर को बढ़ाना है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के मुताबिक इस परियोजना को विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) लागू करेगा। इसका मकसद लाओस में पोषण सुधारना, खाद्य व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों में जरूरी पोषक तत्वों की कमी को दूर करना है। भारत सरकार ने कहा कि यह सहायता भारत और लाओस के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाती है जो कई क्षेत्रों में सहयोग करते हैं।

भारत-UN विकास साझेदारी कोष की शुरुआत जून 2017 में की गई थी। इसका उद्देश्य विकासशील देशों की मदद करना है ताकि वे स्थायी विकास लक्ष्यों को हासिल कर सकें। यह कोष स्थानीय जरूरतों और दीर्घकालिक विकास को प्राथमिकता देता है। अब तक, भारत ने इस कोष में 150 मिलियन डॉलर देने का वादा किया है और 65 देशों में 85 परियोजनाओं का समर्थन किया है।-(ANI)