भारत और सिंगापुर ने आज गुरुवार को व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के लिए एक नया रोडमैप अपनाया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह बैठक बेहद व्यापक और फलदायी रही। बातचीत में व्यापार और निवेश, उन्नत विनिर्माण, कनेक्टिविटी, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य सेवाएं और दवाएं, कौशल विकास, सतत विकास, रक्षा और सुरक्षा तथा जन-से-जन संपर्क जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री वोंग ने संयुक्त रूप से जेएन पोर्ट पीएसए मुंबई टर्मिनल (बीएमसीटी) के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। इस मौके पर भारत और सिंगापुर के बीच कई समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर भी किए गए। इस बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी प्रधानमंत्री वोंग से मुलाकात की और भारत-सिंगापुर संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की। प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री वोंग ने कहा कि सिंगापुर भारत की कौशल विकास पहल का समर्थन जारी रखेगा और उन्नत विनिर्माण परियोजनाओं में सहयोग करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और सिंगापुर के रिश्ते 60 वर्षों की मजबूत मित्रता पर आधारित हैं और यह साझेदारी साझा मूल्यों, आपसी सम्मान और विश्वास से और मजबूत होगी।-(ANI)


