मोदी-फित्सो वार्ता में मजबूत हुए भारत-स्लोवाकिया संबंध, व्यापक साझेदारी पर सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाक गणराज्य की यात्रा के दौरान ब्रातिस्लावा महल में स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक साझेदारी’ (कॉम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप) के स्तर तक उन्नत किए जाने का स्वागत किया और इसे दोनों देशों के संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत बताया।

ब्रातिस्लावा महल में हुआ औपचारिक स्वागत

ऐतिहासिक ब्रातिस्लावा महल में प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। आगमन पर प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।

व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग पर चर्चा

दोनों प्रधानमंत्रियों ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, असैनिक परमाणु ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल नवाचार, अकादमिक आदान-प्रदान, संस्कृति और प्रतिभा आदान-प्रदान सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सुपरकम्प्यूटर और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता दोहराई

प्रधानमंत्री मोदी ने अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत के प्रति एकजुटता और समर्थन जताने के लिए प्रधानमंत्री फित्सो का आभार व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ मिलकर लड़ने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बहुपक्षवाद और वैश्विक सुधारों पर सहमति

दोनों पक्षों ने बहुपक्षवाद को मजबूत करने और वैश्विक शासन संस्थानों में सुधार की आवश्यकता पर सहमति जताई। नेताओं ने हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के सकारात्मक परिणामों पर भी संतोष व्यक्त किया।

भारत-यूरोपीय संघ एफटीए का किया स्वागत

भारत और स्लोवाकिया के नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के सफल समापन और संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा को अपनाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने इसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

कई क्षेत्रों में समझौते और रक्षा सहयोग पर सहमति

वार्ता के बाद डिजिटल प्रौद्योगिकी, श्रम प्रवासन, उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान तथा ऑडियो-विजुअल सृजन के क्षेत्र में सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। रक्षा क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) पर भी सहमति बनी।

कोसिसे तकनीकी विश्वविद्यालय में स्थापित होगी एआई चेयर

दोनों देशों के बीच हुए समझौतों के तहत यह भी तय हुआ कि भारत, स्लोवाकिया के कोसिसे तकनीकी विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की पहली चेयर स्थापित करेगा। इसे शिक्षा और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

भारत यात्रा का दिया निमंत्रण

बैठक के बाद प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में भोज का आयोजन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने स्लोवाकियाई समकक्ष को आपसी सहमति से तय की जाने वाली तिथि पर भारत आने का निमंत्रण भी दिया। (इनपुट: पीआईबी)