दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले ने भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान मंगलवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। उप राष्ट्रपति भवन में हुई इस बैठक में दक्षिण अफ्रीका सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल रहा। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की।
व्यापार, निवेश और कौशल विकास पर चर्चा
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति
दोनों पक्षों ने विकासशील देशों की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और ब्रिक्स, जी20, आईबीएसए तथा इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन जैसे बहुपक्षीय मंचों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों के समाधान और विकासशील देशों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
आर्थिक संबंधों की पूरी क्षमता उपयोग करने पर जोर
बैठक में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आर्थिक संबंधों की पूर्ण क्षमता के उपयोग पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए अधिक अनुकूल कारोबारी वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ प्राथमिकता व्यापार समझौते का उल्लेख करते हुए इस पर शीघ्र वार्ता शुरू होने और सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद जताई।
रक्षा सहयोग और नौसैनिक अभ्यास पर सकारात्मक चर्चा
दोनों पक्षों ने रक्षा क्षेत्र में बढ़ते सहयोग का स्वागत किया और भविष्य में इसे और विस्तारित करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के संयुक्त नौसैनिक अभ्यास के आगामी आयोजनों सहित रक्षा साझेदारी को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा की।
प्रोजेक्ट चीता में सहयोग के लिए दक्षिण अफ्रीका का आभार
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भारत में चीतों के पुनर्वास कार्यक्रम में सहयोग के लिए दक्षिण अफ्रीका का धन्यवाद किया। उन्होंने प्रोजेक्ट चीता की सकारात्मक प्रगति और वन्य जीवन में सफल प्रजनन का उल्लेख करते हुए इस संरक्षण पहल में दक्षिण अफ्रीका के निरंतर सहयोग का आग्रह किया।
भारत की वैश्विक पहलों से जुड़ने का दिया निमंत्रण
बैठक के दौरान उपराष्ट्रपति ने दक्षिण अफ्रीका को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस जैसी भारत की प्रमुख बहुपक्षीय पहलों से जुड़ने पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ये पहल साझा विकास और सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप हैं।
शांति, समृद्धि और सतत विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प
बैठक में दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने तथा शांति, समृद्धि, सतत विकास और विकासशील देशों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने माशातिले और उनके प्रतिनिधिमंडल को भारत में सुखद एवं सफल प्रवास की शुभकामनाएं भी दीं। (इनपुट: पीआईबी)


