केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को बताया कि उनकी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ हुई बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और गहरा करने पर चर्चा हुई।
स्टार्मर बुधवार को दो दिन की भारत यात्रा पर आए हैं, उनके साथ ब्रिटेन से अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात करके खुशी हुई। हमने भारत-यूके व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के रास्तों पर चर्चा की।”
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) को आगे बढ़ाने और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने पर सहमति जताई।
दोनों पक्षों ने यह भी तय किया कि CETA के सफल क्रियान्वयन के लिए संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति (JETCO) की भूमिका को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक में उन्नत निर्माण, डिजिटल व्यापार, स्वच्छ ऊर्जा और सेवा क्षेत्र जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इससे पहले हुई मंत्रालय स्तर की और सीईओ फोरम बैठकों में भारत और यूके के उद्योग प्रतिनिधियों ने निवेश, नवाचार और तकनीकी सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की।
गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कीर स्टार्मर की मुलाकात में दोनों देश ‘विजन 2035’ रोडमैप की समीक्षा करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और तकनीकी सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।


