Print

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद श्री थानेदार बोले- पीएम मोदी बेहद करिश्माई नेता हैं, भारत की प्रगति को मिलना चाहिए सम्मान

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद थानेदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद करिश्माई नेता बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने जिस तरह प्रगति की है, उसे अमेरिका में पहचान और सम्मान मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

मोदी-ट्रंप संबंधों की सराहना

मिशिगन से डेमोक्रेटिक सांसद श्री थानेदार ने प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। मोदीजी बेहद करिश्माई नेता हैं और उनके सभी के साथ अच्छे रिश्ते हैं।”

अमेरिका में मोदी के स्वागत का किया जिक्र

श्री थानेदार ने न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और वॉशिंगटन डीसी की प्रधानमंत्री मोदी की यात्राओं को याद करते हुए कहा कि उन्हें हर बार अमेरिका में भव्य स्वागत मिला। उन्होंने बताया कि जब जो बाइडेन राष्ट्रपति थे और प्रधानमंत्री मोदी राजकीय यात्रा पर वॉशिंगटन पहुंचे थे, तब उनके सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित किया गया था।

पीएम मोदी से मुलाकात का अनुभव साझा किया

थानेदार ने कहा कि स्टेट डिनर के दौरान उनकी प्रधानमंत्री मोदी से लंबी बातचीत हुई थी। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री ने उनसे अमेरिकी सांसदों को भारत की विविधता, विकास और सामाजिक संरचना के बारे में बेहतर तरीके से जानकारी देने का आग्रह किया था।

भारत की विविधता और विकास का संदेश

श्री थानेदार के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि अमेरिकी सांसदों को बताया जाए कि भारत में अलग-अलग भाषाएं, संस्कृतियां और खानपान होने के बावजूद लोग एकजुट होकर रहते हैं और देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

अमेरिकी सांसदों को भारत लाने की योजना

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते थे कि अमेरिकी सांसद स्वयं भारत आकर यहां की प्रगति देखें। उन्होंने कहा कि वह पहले भी अमेरिकी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भारत लेकर आ चुके हैं और अब रिपब्लिकन तथा डेमोक्रेटिक सांसदों के साथ एक और दौरे की योजना बना रहे हैं।

भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख

थानेदार ने कहा कि प्रस्तावित प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य अमेरिकी सांसदों को भारत में हो रहे बदलावों से परिचित कराना है। इसके तहत उन्हें बताया जाएगा कि गरीबों के जीवन में किस तरह सुधार आया है और पिछले 10 वर्षों में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। थानेदार ने विश्वास जताया कि आने वाले कुछ वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

भारत-अमेरिका साझेदारी पर जोर

भारत-अमेरिका संबंधों पर थानेदार ने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक देशों को चीन से जुड़ी चुनौतियों का मिलकर सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी भविष्य में और मजबूत होनी चाहिए।

मजबूत रिश्तों के लिए काम जारी रखने की बात

श्री थानेदार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और वह उनके लंबे जीवन की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए वह लगातार काम करते रहेंगे। (इनपुट: आईएएनएस)