19 वर्षीय भारतीय शतरंज खिलाड़ी डोमाराजू गुकेश ने दिग्गज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को करारी शिकस्त दी। नॉर्वे चेस 2025 के छठे राउंड में सभी बोर्डों पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिले लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों के बीच दिन का सबसे चर्चित मुकाबला हुआ। लंबे और कड़ी टक्कर वाले इस मैच में कार्लसन सफेद मोहरों से खेलते हुए शुरुआत में बेहतर स्थिति में दिखे, लेकिन टाइम ट्रबल में उनकी एक बड़ी चूक ने गुकेश को मौका दिया और उन्होंने बढ़त लेकर शानदार जीत दर्ज की।
कार्लसन के खिलाफ गुकेश की यह पहली जीत
रविवार को, नॉर्वे शतरंज 2025 टूर्नामेंट में, गुकेश ने क्लासिकल प्रारूप में दिग्गज शतरंज खिलाड़ी कार्लसन को हराकर सनसनीखेज जीत हासिल की। विश्व नंबर 1 खिलाड़ी कार्लसन के खिलाफ क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता में उनकी यह पहली जीत है।
गुकेश ने मैच के बाद क्या कहा ?
गुकेश ने मैच के बाद कहा, “मैं ज्यादा कुछ नहीं कर सकता था। मुझे बस इसका पूरा फायदा उठाना था।” “मैं ऐसी चालें चल रहा था जो उसके लिए मुश्किल थीं, और सौभाग्य से वह समय की कमी में फंस गया। इस टूर्नामेंट से मैंने जो एक बात सीखी है वह यह है कि समय की कमी नियंत्रण से बाहर हो सकती है।”
गुकेश ने विनम्रता दिखाते हुए कहा: “सौ में से 99 मौकों पर, मैं हार जाता। यह एक भाग्यशाली दिन है।”
कार्लसन ने हार के बाद दी यह प्रतिक्रिया
वहीं मैच हारने के बाद निराश दिख रहे कार्लसन ने शतरंज की बिसात पर जोर से हाथ पटक दिया और तेजी से मैदान से बाहर निकल गए। इसके विपरीत, गुकेश ने अपने कोच ग्रेज़गोरज़ गजेवस्की के साथ जीत का जश्न मनाया और करियर की सबसे बड़ी जीत का लुत्फ उठाया।
बाकी के दो क्लासिकल मैच यी वेई बनाम अर्जुन एरिगैसी और फैबियानो कारुआना बनाम हिकारु नाकामुरा के बीच कड़ी टक्कर के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुए। हालांकि, अर्जुन और कारुआना ने आर्मगेडन मुकाबलों में जीत दर्ज कर महत्वपूर्ण अतिरिक्त अंक हासिल किए। इन परिणामों के साथ कार्लसन और कारुआना अब टूर्नामेंट की संयुक्त बढ़त पर हैं।
नॉर्वे चेस वुमन टूर्नामेंट में म्यूजिचुक और कोनेरू हंपी साझा लीड पर
वहीं महिला टूर्नामेंट में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा दिखी, जहां तीन क्लासिकल मैच ड्रॉ हुए और उसके बाद तीन आर्मगेडन गेम खेले गए। अन्ना म्यूजिचुक, वैशाली रमेशबाबू और वेनजुन जू ने आर्मगेडन में जीत हासिल की। टूर्नामेंट के इस चरण में म्यूजिचुक और कोनेरू हंपी अब संयुक्त लीड पर हैं, जो आने वाले राउंड्स में जोरदार मुकाबले की उम्मीद जगाते हैं।
जानकारी के लिए बताना चाहेंगे, नॉर्वे शतरंज को शतरंज कैलेंडर पर प्रमुख आयोजनों में से एक माना जाता है, जिसमें विशिष्ट छह-खिलाड़ी डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में शीर्ष पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग लेते हैं। 2025 का यह संस्करण 26 मई से 6 जून तक स्टावेंजर में चलेगा। (इनपुट-एजेंसी)


