भारतीय सांस्कृतिक परंपराएं प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा देती हैं: कपिल खन्ना

विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजविप्रौवि), हिसार में ‘राष्ट्र अभ्युदय में सांस्कृतिक और पर्यावरण चेतना का समन्वय’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। राष्ट्रीय गौरव संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय में ‘अशोक सिंघल अध्ययन शोध पीठ’ की स्थापना भी की गई। यह शोध पीठ की पहली संगोष्ठी थी।

मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय गौरव संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल खन्ना ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्य हमें प्रकृति का दोहन नहीं, बल्कि उसका संरक्षण करना सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्ष पहले, जब पश्चिमी समाज आधुनिकता और विज्ञान के माध्यम से प्रकृति के दोहन की दिशा में आगे बढ़ रहा था, तब गुरु जंभेश्वर जी महाराज प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के गंभीर पर्यावरण संकट को देखते हुए उनके सिद्धांत और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।

कपिल खन्ना ने कहा कि अशोक सिंघल अध्ययन शोध पीठ विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने अशोक सिंघल को सनातन संस्कृति और राष्ट्र चेतना के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कारसेवकों को राष्ट्र का जीवंत नायक बताते हुए उनके सम्मान को कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पक्ष बताया।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने कहा कि भारतीय संस्कृति जड़, चेतन और मानव को एक ही परिवार का हिस्सा मानती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति से प्राप्त संसाधनों के प्रति हमारा उत्तरदायित्व है कि हम उसके संरक्षण और संवर्धन में भी योगदान दें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि भारतीय संस्कृति विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की शिक्षा देती है। उन्होंने गुरु जंभेश्वर जी महाराज के सिद्धांतों को आज के वैज्ञानिक युग में भी अत्यंत प्रासंगिक बताया तथा कहा कि नवस्थापित अशोक सिंघल अध्ययन शोध पीठ सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों पर शोध को नई दिशा प्रदान करेगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय गौरव संस्थान के प्रांत उपाध्यक्ष मनोज लाकड़ा, महिला प्रांत अध्यक्ष रेणू गुप्ता, दिल्ली प्रांत अध्यक्ष वेदप्रकाश तथा विश्व हिंदू परिषद् हरियाणा के प्रांत मंत्री अनुराग कुलश्रेष्ठ को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण तथा गुरु जंभेश्वर जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।