भारतीय डेवलपर के ऐप ‘गिटार विज’ ने जीता एप्पल डिज़ाइन अवॉर्ड

अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल ने भारतीय मूल के ऐप ‘गिटार विज’ को एप्पल डिज़ाइन अवॉर्ड 2026 के ‘समावेशिता’ (इनक्लूसिविटी) श्रेणी का विजेता घोषित किया है। यह सम्मान विभिन्न क्षमताओं वाले उपयोगकर्ताओं के लिए सुलभ और समावेशी संगीत अनुभव उपलब्ध कराने के लिए दिया गया है।

एप्पल ने इस वर्ष के एप्पल डिज़ाइन अवॉर्ड्स के विजेताओं की घोषणा की, जिनमें समावेशिता, नवाचार, इंटरैक्शन, सामाजिक प्रभाव, आनंद और मनोरंजन तथा विजुअल्स एवं ग्राफिक्स जैसी विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं।

भारतीय डेवलपर बिजॉय थंगराज द्वारा विकसित गिटार विज एक ऑल-इन-वन टूलकिट है, जिसे नए और अनुभवी दोनों प्रकार के गिटार वादकों के लिए तैयार किया गया है। यह ऐप सुर, कॉर्ड्स, उंगलियों की सही स्थिति और गिटार सीखने से जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए वॉइस-आधारित मार्गदर्शन प्रदान करता है।

एप्पल के अनुसार, इस ऐप को समावेशिता श्रेणी में इसलिए चुना गया क्योंकि यह विभिन्न पृष्ठभूमियों, क्षमताओं और भाषाओं के उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है तथा संगीत सीखने और बजाने में अधिक स्वतंत्रता प्रदान करता है।

कंपनी ने बताया कि गिटार विज में कई उन्नत एक्सेसिबिलिटी सुविधाओं और एप्पल तकनीकों का उपयोग किया गया है। इनमें डायनेमिक टाइप, इन्क्रीज्ड कॉन्ट्रास्ट और डिफरेंशिएट विदाउट कलर जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो विभिन्न जरूरतों वाले उपयोगकर्ताओं के लिए ऐप का उपयोग आसान बनाती हैं।

एप्पल ने गिटार विज को ऐसा प्रभावशाली ऐप बताया है, जो एक्सेसिबिलिटी-केंद्रित डिजाइन और सहज उपयोगकर्ता अनुभव के माध्यम से सभी क्षमताओं वाले संगीत प्रेमियों का समर्थन करता है।

एप्पल की वर्ल्डवाइड डेवलपर रिलेशंस की उपाध्यक्ष सुसान प्रेस्कॉट ने कहा कि इस वर्ष के एप्पल डिज़ाइन अवॉर्ड विजेता इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण हैं कि डेवलपर्स किस तरह उपयोगकर्ताओं के लिए असाधारण अनुभव तैयार कर रहे हैं।

एप्पल डिज़ाइन अवॉर्ड्स के माध्यम से हर वर्ष आईफोन, आईपैड, मैक, एप्पल वॉच, एप्पल टीवी और एप्पल विज़न प्रो जैसे प्लेटफॉर्मों पर नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता और बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव प्रदान करने वाले ऐप और गेम डेवलपर्स को सम्मानित किया जाता है।

यह उपलब्धि उन भारतीय मूल के ऐप्स की बढ़ती सूची में नया नाम जोड़ती है, जिन्हें एप्पल डिज़ाइन अवॉर्ड्स में वैश्विक पहचान मिली है। इससे पहले ल्यूमी, डेनिम, इवॉल्व और मेडिटेट जैसे भारतीय मूल से जुड़े ऐप विभिन्न श्रेणियों में फाइनलिस्ट और विजेता रह चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने एप्पल ने भारत में उपयोगकर्ताओं के लिए स्वास्थ्य संबंधी नई सुविधाएं भी शुरू की थीं। इनमें एप्पल वॉच पर स्लीप एपनिया नोटिफिकेशन और एयरपॉड्स प्रो में चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित श्रवण परीक्षण सुविधा शामिल है।

-IANS

RELATED ARTICLES

28 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

52 mins ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...