Print

भारतीय रेलवे ने अरक्कोनम-चेंगलपट्टू डबल लाइन प्रोजेक्ट को दी मंजूरी

भारतीय रेलवे ने चेन्नई उपनगरीय रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए अरक्कोनम-चेंगलपट्टू डबलिंग परियोजना को मंजूरी दे दी है। 68 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की कुल लागत ₹993 करोड़ होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना चेन्नई के व्यस्त उपनगरीय रेल नेटवर्क पर दबाव कम करने, ट्रेनों की समयपालन क्षमता सुधारने और परिचालन दक्षता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि इस रूट पर यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई को भी बड़ा फायदा मिलेगा। खासतौर पर सीमेंट, ऑटोमोबाइल, खाद्यान्न, लोहा और स्टील जैसी वस्तुओं के परिवहन को मजबूती मिलेगी।

यह सेक्शन चेन्नई बीच, तांबरम, चेंगलपट्टू और अरक्कोनम को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण चेन्नई सबअर्बन सर्कुलर रेल नेटवर्क का हिस्सा है। फिलहाल यह सिंगल लाइन सेक्शन अपनी क्षमता के उच्च स्तर पर काम कर रहा है और आने वाले वर्षों में यातायात बढ़ने की संभावना है। ऐसे में डबलिंग परियोजना जरूरी मानी जा रही थी। परियोजना पूरी होने के बाद ट्रेनों की रुकावट और प्रतीक्षा समय कम होगा, समयपालन बेहतर होगा और उपनगरीय सेवाओं की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।

यह रूट महिंद्रा वर्ल्ड सिटी, श्रीपेरुम्बुदुर, ओरगाडम और इरुनगट्टुकोट्टई जैसे बड़े औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों को भी जोड़ता है। इसके अलावा कांचीपुरम के पास प्रस्तावित परंदूर एयरपोर्ट परियोजना के कारण भी इस रेल लाइन का महत्व बढ़ गया है।

रेलवे के अनुसार, यह परियोजना रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण, नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और सुरक्षित एवं तेज परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

-(PIB)