ओमान के तट के पास रविवार को एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद लापता भारतीय नाविक की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जहाज पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है। एक भारतीय नाविक अभी भी लापता है।
ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में द्वि-साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बताया कि यह हमला ओमान के तट के पास हुआ था। जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। इनमें से 13 को ओमानी अधिकारियों की मदद से बचा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि एक भारतीय नाविक अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे मामले पर करीबी नजर रख रहा है और ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है।
वाणिज्यिक जहाजों और नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य
MEA ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना भारत के लिए अस्वीकार्य है। मंत्रालय ने क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन तथा व्यापारिक गतिविधियों को जल्द से जल्द बहाल करने की अपील की।
विदेश मंत्रालय ने रविवार को ओमान तट के पास वाणिज्यिक जहाज MT El Gaia पर हुए हमले की निंदा की थी। मंत्रालय ने तनाव को तत्काल कम करने और क्षेत्र में शांति के लिए बातचीत एवं कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील दोहराई।
ईरान ने समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने का किया दावा
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहे एक बड़े तेल टैंकर में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई।
-(इनपुटः IANS)


