एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL), जो नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की सहायक कंपनी है, ने बुधवार को बताया कि कतर नेशनल बैंक (QNB) के साथ साझेदारी में कतर में क्यूआर कोड आधारित यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) भुगतान की शुरुआत हो गई है।
इस पहल से भारतीय पर्यटक अब कतर में ड्यूटी फ्री आउटलेट्स और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आसानी से यूपीआई से भुगतान कर सकेंगे। कतर ड्यूटी फ्री, यूपीआई को अपनाने वाला पहला साझेदार बना है।
यह सेवा कतर नेशनल बैंक द्वारा अधिग्रहित व्यापारियों के पॉइंट-ऑफ-सेल (POS) टर्मिनल्स पर उपलब्ध होगी। इसे जापानी पेमेंट गेटवे प्रोवाइडर NETSTARS के समाधान द्वारा संचालित किया गया है।
कतर आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में भारतीय दूसरे सबसे बड़े समूह हैं। अब वे बिना नकद ले जाए या करेंसी बदलवाए, सीधे यूपीआई से रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन कर सकेंगे।
एनपीसीआई इंटरनेशनल के एमडी और सीईओ ऋतेश शुक्ला ने कहा, “हमारा लक्ष्य यूपीआई की वैश्विक स्वीकार्यता बढ़ाना और एक इंटरऑपरेबल ग्लोबल पेमेंट नेटवर्क तैयार करना है। QNB के साथ साझेदारी इस दिशा में अहम कदम है।”
उन्होंने कहा कि इससे लाखों भारतीय यात्रियों को कैशलेस, सुरक्षित और आसान भुगतान का अनुभव मिलेगा।
QNB के ग्रुप चीफ बिजनेस ऑफिसर यूसुफ महमूद अल-नीमा ने कहा, “हम कतर में यूपीआई की शुरुआत कर बेहद उत्साहित हैं। यह कदम भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा और पर्यटन व रिटेल सेक्टर को मजबूती देगा।”
इस साझेदारी से न केवल भारतीय यात्रियों को फायदा होगा बल्कि कतर के रिटेल और पर्यटन क्षेत्रों में भी लेन-देन की मात्रा बढ़ेगी और कैशलेस इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा।
NETSTARS कंपनी के सीईओ त्सुयोशी री ने कहा, “हम कतर में पहली बार यूपीआई शुरू करने के इस ऐतिहासिक कदम का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे हैं।”
-(इनपुट: आईएएनएस)


