एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से हराया

सोमवार को एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल B के अपने दूसरे मैच में इंडोनेशिया को 17-1 से हराकर शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इस एकतरफा मुकाबले में दीपिका सहरावत और रुतुजा पिसाल मुख्य आकर्षण रहीं।इससे पहले टीम ने उज़्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था, जिसमें दीपिका ने रिकॉर्ड आठ गोल किए थे। इस मैच में भी उन्होंने रुतुजा के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण गोल किए।

पहले क्वार्टर में ही गोलों की बारिश

मैच के आठवें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल में बदलकर स्कोरिंग की शुरुआत की।अगले सात मिनटों में सुनीलिता टोप्पो (11वें मिनट), लालरेम्सियामी (13वें मिनट में पेनल्टी से) और रुतुजा पिसाल (15वें मिनट) ने गोल किए। पहले क्वार्टर के अंत तक स्कोर 4-0 हो चुका था।  लालरेम्सियामी का गोल तब हुआ जब नवनीत के पेनल्टी कॉर्नर शॉट को गोलकीपर ने रोका, लेकिन रिबाउंड पर उन्होंने नेट में गेंद पहुंचा दी। रुतुजा का पहला गोल भी दीपिका के शॉट के रिबाउंड पर करीब से आया।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का कब्जा

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में लालरेम्सियामी ने 16वें मिनट में रिवर्स हिट लगाकर दिन का अपना दूसरा गोल किया। रुतुजा ने 20वें मिनट में नेहा के पास पर बिना गलती के शॉट मारकर स्कोर 6-0 कर दिया। इसके बाद साक्षी राणा (25वें मिनट), दीपिका (28वें मिनट) और सुनीलिता (30वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल किए। हाफ-टाइम तक स्कोर 9-0 था। भारत का बॉल पर कब्जा 55 प्रतिशत रहा और उन्हें नौ पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि इंडोनेशिया को सिर्फ दो।

दूसरे हाफ में भी हमले जारी

हाफ-टाइम के बाद कप्तान सलीमा टेटे (34वें मिनट), नवनीत (35वें मिनट), इशिका (36वें मिनट), रुतुजा (39वें मिनट) और दीपिका (40वें मिनट) ने गोल किए। इस दौरान इंडोनेशिया की इनेस अदियिता ने 32वें मिनट में एक गोल करके स्कोर 14-1 किया। मैच के अंत में नवनीत (56वें और 57वें मिनट) तथा साक्षी राणा (57वें मिनट) ने और गोल जोड़कर फाइनल स्कोर 17-1 बना दिया।

उज्बेकिस्तान के खिलाफ भी धमाकेदार शुरुआत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था। उस मैच में दीपिका स्टार रहीं। उन्होंने आठ गोल किए (जिनमें पांच पेनल्टी कॉर्नर से), जो एशियाई खेलों के किसी मैच में एक खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड है। इशिका ने भी हैट्रिक पूरी की थी।दीपिका और रुतुजा के शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम पूल में अपना दबदबा बनाए हुए है। (इनपुट-एजेंसी)