राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल तंजानिया के अरुशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) सभा में भाग ले रहा है। सभा के पहले दिन 5 अक्टूबर 2026 को भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विभिन्न समितियों, क्षेत्रीय समूहों और मंचों की बैठकों में भाग लेकर भारत का पक्ष रखा तथा विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
स्वास्थ्य संबंधी समिति में भारत की भागीदारी
लोकसभा सांसद और आईपीयू की स्वास्थ्य संबंधी समिति के सदस्य डॉ. संजय जायसवाल ने समिति के सत्रों में भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य से जुड़े वैश्विक मुद्दों और संसदीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
एशिया-प्रशांत समूह की बैठक में भारत का पक्ष
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने एशिया-प्रशांत भू-राजनीतिक समूह की बैठकों में भी भाग लिया। लोकसभा सांसद और आईपीयू कार्यकारी समिति की सदस्य अपराजिता सारंगी ने बैठक के दौरान समूह के सदस्यों को आईपीयू कार्यकारी समिति की हालिया गतिविधियों और विभिन्न पहलों की जानकारी दी।
महिला सांसदों के मंच में भारत की सक्रिय भागीदारी
महिला सांसदों के मंच ने भी दिनभर विभिन्न सत्र आयोजित किए। पहले सत्र में लोकसभा सांसद कमलजीत सहरावत ने “सभी के लिए समावेशी सामाजिक विकास: दिव्यांगजनों के अधिकारों और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संसदीय रणनीतियां” विषय पर चर्चा में हिस्सा लिया और इस मुद्दे पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। वहीं, लोकसभा सांसद बिजुली कलिता मेधी ने मंच के दूसरे सत्र में “महिला नेतृत्व” विषय पर चर्चा में भाग लिया और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे।
एशियाई संसदीय सभा और आतंकवाद विरोधी समूह की बैठक
राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने एशियाई संसदीय सभा की बैठक में भाग लिया। इसके अलावा, लोकसभा सांसद और आतंकवाद एवं हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करने संबंधी आईपीयू के उच्च स्तरीय परामर्शदाता समूह (एचएलएजी-सीटीवीई) की सदस्य लता वानखेड़े ने समूह की बोर्ड बैठक में हिस्सा लिया।
ऑस्ट्रेलिया और तंजानिया के पीठासीन अधिकारियों से द्विपक्षीय वार्ता
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलिया की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष मिल्टन डिक और संयुक्त गणराज्य तंजानिया की संसद के अध्यक्ष मूसा अज़ान ज़ुंगु के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। बैठकों में दोनों पक्षों ने आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और संसदीय सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।
तंजानिया की राष्ट्रपति ने किया 153वीं आईपीयू सभा का औपचारिक उद्घाटन
तंजानिया की संसद ने 153वीं आईपीयू सभा के औपचारिक उद्घाटन समारोह का आयोजन किया। तंजानिया गणराज्य की राष्ट्रपति डॉ. सामिया सुलुहू हसन ने समारोह को संबोधित किया और 153वीं आईपीयू सभा के शुभारंभ की घोषणा की।
विभिन्न देशों के मंत्रियों से भी हुई बातचीत
उद्घाटन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के साथ सांसद अपराजिता सारंगी, अनुराग सिंह ठाकुर, एनके प्रेमचंद्रन और डॉ. सस्मित पात्रा ने भाग लिया। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने तंजानिया सरकार के विदेश मंत्री सहित विभिन्न मंत्रियों से बातचीत की और द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। (इनपुट: पीआईबी)


