भारत की GDP वृद्धि का अनुमान बढ़ा, S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने 2026-27 के लिए 7% किया

कई सकारात्मक कारकों के चलते S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की GDP वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है। पहले यह अनुमान 6.6 प्रतिशत था।

रेटिंग एजेंसी ने कहा कि भारत के GDP परिदृश्य में यह सुधार मजबूत औद्योगिक गतिविधियों, बेहतर खपत, मजबूत वस्तु निर्यात और सरकारी निवेश में तेजी के कारण हुआ है।

S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा, “जून तिमाही में कई कारकों की वजह से आर्थिक वृद्धि हमारी उम्मीदों से अधिक रही। इसके परिणामस्वरूप हमने 31 मार्च 2027 को समाप्त होने वाले मौजूदा वित्त वर्ष के लिए GDP वृद्धि का अनुमान पहले के 6.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.0 प्रतिशत कर दिया है।”

हालांकि, एजेंसी ने कहा कि “वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में वृद्धि की रफ्तार धीमी रहने की उम्मीद है, क्योंकि वस्तु एवं सेवा कर (GST) के युक्तिकरण और आयकर कटौती से मिलने वाला समर्थन धीरे-धीरे कम हो जाएगा।”

एजेंसी ने कहा कि मौसम से जुड़े जोखिमों पर करीबी नजर रखने की जरूरत है। मौजूदा मानसून सीजन में 9 सितंबर 2026 तक संचयी बारिश सामान्य से 15 प्रतिशत कम रही है। इसलिए कृषि उत्पादन और खाद्य महंगाई ऐसे प्रमुख कारक बने हुए हैं, जिन पर नजर रखना जरूरी है।

सरकार के हालिया GDP आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि 7.8 प्रतिशत रही। मजबूत आर्थिक विस्तार के चलते विभिन्न एजेंसियों ने भारत की वृद्धि के अनुमानों में लगातार बढ़ोतरी की है।

इस बीच, दूसरी तिमाही में उभरते बाजारों की GDP वृद्धि औसतन सालाना आधार पर 5.2 प्रतिशत रही। चीन के लिए रेटिंग एजेंसी ने 2026 और 2027 दोनों वर्षों में वास्तविक GDP वृद्धि 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है।

रेटिंग एजेंसी ने कहा, “प्रमुख जोखिम यह है कि बाहरी या नीतिगत झटकों से आर्थिक वृद्धि में तेज गिरावट आ सकती है, जिसे बाद में कमजोर कारोबारी और उपभोक्ता विश्वास और बढ़ा सकता है।”

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में अगस्त तक खपत और निवेश काफी कमजोर बने हुए हैं। इसके पीछे कई कारण हैं, जिनमें आवास बाजार में लगातार गिरावट, कमजोर विश्वास और 2026 के पहले सात महीनों में राजकोषीय खर्च में कमी शामिल हैं।

S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने कहा, “पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में हमें उम्मीद है कि तकनीकी उत्पादों के निर्यात में तेजी और घरेलू मांग को समर्थन देने वाली व्यापक आर्थिक नीतियों के बीच आर्थिक वृद्धि मजबूत बनी रहेगी। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए 2026 में हमारी GDP वृद्धि का आधारभूत अनुमान 4.6 प्रतिशत है, जो एक तिमाही पहले के अनुमान से 0.2 प्रतिशत अधिक है। 2027 में वृद्धि 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है।”

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

3 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...