वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत द्वारा चलाए गए मानवीय राहत अभियान ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ की स्थानीय जनता और मीडिया में खूब सराहना हो रही है। भारतीय मेडिकल टीम के पेशेवर रवैये और सेवा की गुणवत्ता की लोग सराहना कर रहे हैं।
बताना चाहेंगे 24 जून 2026 को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे, जिनमें 2,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई और देशव्यापी तबाही मची। इसे देखते हुए भारत ने 28 जून को ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत राहत सामग्री, दवाइयां, मेडिकल उपकरण और फील्ड हॉस्पिटल यूनिट वेनेजुएला भेजी।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इस मदद की घोषणा करते हुए कहा था कि यह सहायता भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों को मजबूती देगी।
स्थानीय लोगों ने की भारतीय टीम की प्रशंसा
गुरुवार को वेनेजुएला के लोगों ने फील्ड हॉस्पिटल में भारतीय डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की सराहना की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तस्वीरें और वीडियो जारी कर लोगों के अनुभव साझा किए।
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि ला गुएरा राज्य के प्लाया ग्रांडे से आए उनके परिजन को भूकंप में डबल फिबुला फ्रैक्चर हुआ है। उन्होंने कहा, “हम अभी-अभी पहुंचे हैं और हमें तुरंत देखभाल मिल गई। अब तक पूरी सेवा बहुत अच्छी रही है। आज रात उनका ऑपरेशन होने वाला है।”
भारत ने ‘X’ पर लिखा, “ऑपरेशन अमिस्ताद – वेनेजुएला में भारत के मानवीय राहत प्रयास को इसके व्यवसायिकता और सेवा की गुणवत्ता के लिए जनता से काफी सराहना मिली है।”
यह मिशन भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को दोहराता है, जिसमें प्राकृतिक आपदा में प्रभावित देशों की तत्काल और प्रभावी मदद शामिल है। ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ वेनेजुएला में भारत की बढ़ती मानवीय छवि का प्रतीक बन गया है। (इनपुट-एजेंसी)


