प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के प्रति भाजपा और एनडीए की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है और महिलाओं के सपनों तथा देश के भविष्य के लिए सरकार इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भारत की प्रगति, नारी शक्ति के सपनों की उड़ान…” इसके साथ उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें महिला आरक्षण और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी।
वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वह भी वर्षों से इस प्रयास में जुटे लोगों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के सशक्तिकरण का भाजपा-एनडीए का संकल्प अक्षुण्ण है और उनके लिए देशहित सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कुछ लोगों के लिए दलहित देशहित से बड़ा हो जाता है, तो इसका खामियाजा नारी शक्ति और देश को भुगतना पड़ता है। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। उन्होंने कहा कि उनका आत्मबल अजेय है और आधी आबादी के सपनों तथा देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना जरूरी है।
इससे पहले शनिवार को भी प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर महिला आरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई थी। उन्होंने कहा था, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो भी साझा किया था। उसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और कई महिलाओं ने इस मुद्दे को उनके सामने उठाया तथा पत्र लिखकर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया था कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा था कि उनका हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी से नहीं रोक पाएंगी।(इनपुट-आईएएनएस)


