भारतीय नौसेना को पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता से लैस उथले पानी में संचालन करने वाले युद्धपोत (एएसडब्ल्यू एसडब्ल्यूसी) ‘अमिनी’ को 5 नवंबर 2026 को सौंप दिया गया। कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने इस युद्धपोत का स्वदेशी डिजाइन तैयार करने के साथ इसका निर्माण भी किया है।
जीआरएसई द्वारा निर्मित इन युद्धपोतों को इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के अनुरूप डिजाइन और तैयार किया गया है। ये भारतीय नौसेना के उन सबसे बड़े युद्धपोतों में शामिल हैं, जिनमें वाटरजेट प्रणोदन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है।
‘अमिनी’ अत्याधुनिक हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लॉन्चर और सोनार प्रणाली से लैस है। ये उपकरण पानी के भीतर मौजूद खतरों का पता लगाने और उनसे प्रभावी ढंग से निपटने में मदद करेंगे। इस युद्धपोत से नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता, तटीय निगरानी और समुद्र में बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता को मजबूती मिलेगी।
इस युद्धपोत का नाम केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के अमिनी द्वीप के नाम पर रखा गया है। यह पूर्ववर्ती आईएनएस अमिनी का नया स्वरूप भी है। पुराना आईएनएस अमिनी पेट्या-III श्रेणी का पनडुब्बी रोधी युद्धपोत था, जिसे वर्ष 2002 में नौसेना से सेवामुक्त कर दिया गया था। नए युद्धपोत के साथ नौसेना की विशिष्ट विरासत वाले नामों को आगे बढ़ाने की परंपरा भी जारी रहेगी।
‘अमिनी’ की सुपुर्दगी स्वदेशी युद्धपोत निर्माण की दिशा में भारतीय नौसेना की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस युद्धपोत में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जो देश के घरेलू रक्षा विनिर्माण क्षेत्र की बढ़ती क्षमता और आयात पर निर्भरता कम करने के प्रयासों को दर्शाता है।
-(इनपुटः पीआईबी)


