केंद्र सरकार ने संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत एक प्रमुख पहल के रूप में ज्ञान भारतम् मिशन शुरू किया है। इसका उद्देश्य देशभर में शैक्षणिक संस्थानों, संग्रहालयों, पुस्तकालयों और निजी संग्रहों में उपलब्ध पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, प्रलेखन, संरक्षण, डिजिटलीकरण और उन्हें आम लोगों के लिए सुलभ बनाना है।

491.66 करोड़ रुपए की स्वीकृति

इस पहल को समर्थन देने के लिए स्थायी वित्त समिति (एसएफसी) ने वर्ष 2025 से 2031 की अवधि के लिए 491.66 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। मिशन का उद्देश्य भारत की पांडुलिपि विरासत को संरक्षित करने के लिए एक व्यवस्थित और तकनीक आधारित ढांचा तैयार करना है।

देशभर में नेटवर्क का निर्माण

मिशन के तहत देशभर में गतिविधियों के संचालन के लिए क्लस्टर केंद्रों और स्वतंत्र केंद्रों का राष्ट्रव्यापी नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। अब तक 40 से अधिक ऐसे केंद्र इस पहल से जोड़े जा चुके हैं। इसके साथ ही 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को संबंधित क्षेत्रों में नोडल समन्वय प्राधिकरण के रूप में शामिल किया गया है।

एक करोड़ पांडुलिपियों का लक्ष्य

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत राष्ट्रीय स्तर पर पांडुलिपियों से संबंधित गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित करने के लिए लगभग एक करोड़ पांडुलिपियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पहल क्षेत्र, भाषा और लिपि के किसी भी भेदभाव के बिना भारत की पांडुलिपि संपदा को कवर करने पर केंद्रित है।

वैज्ञानिक संरक्षण और डिजिटल सुरक्षा

मिशन के तहत पांडुलिपियों का वैज्ञानिक संरक्षण और पुनर्स्थापन किया जाएगा। साथ ही उच्च मानकों के साथ डिजिटलीकरण कर डेटा को राष्ट्रीय डिजिटल रिपॉजिटरी (एनडीआर) में सुरक्षित रखा जाएगा। डेटा सुरक्षा के लिए एलटीओ-9 टेप और क्लाउड आधारित बैकअप के साथ आपदा पुनर्प्राप्ति प्रणाली भी विकसित की गई है।

राष्ट्रीय अभिलेखागार की डिजिटलीकरण पहल

भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार (एनएआई) ने भी ऐतिहासिक अभिलेखों की उच्च-रिज़ॉल्यूशन डिजिटल प्रतियां तैयार करने के लिए बड़े पैमाने पर डिजिटलीकरण अभियान शुरू किया है। प्रत्येक डिजिटल छवि के लिए चेकसम तैयार किया जाता है, जिससे डिजिटल अभिलेखों की अखंडता और प्रामाणिकता सुनिश्चित की जा सके।

लोकसभा में दी गई जानकारी

यह जानकारी केंद्र सरकार में संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में दी। (इनपुट: पीआईबी)