गुजरात में 1,478 करोड़ से अधिक निवेश को हरी झंडी, सृजित होंगी 4136 नई नौकरियां

गांधीनगर में आज बुधवार को गुजरात के उद्योग मंत्री बलवंत सिंह राजपूत की अध्यक्षता में हुई समिति बैठक में 22 बड़े औद्योगिक इकाइयों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। राज्य सरकार के मुताबिक, इन इकाइयों से कुल 1,478.71 करोड़ रुपए का निवेश होगा और लगभग 4,136 नई नौकरियां पैदा होंगी।

उद्योग मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में, खासकर गुजरात में उद्योग-अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में ‘इन्सेंटिव टू इंडस्ट्रीज’ योजना के तहत राज्य में अब तक करीब 1,48,336.35 करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित किया गया है, जिससे 1.65 लाख से अधिक प्रत्यक्ष नौकरियां सृजित हुईं हैं। इससे एमएसएमई सेक्टर की सहायक इकाइयों को भी गति मिली है।

मंजूर हुए निवेश में अहमदाबाद जिले में धातु, पेपर, फूड-एग्रो और सीमेंट-कंक्रीट सेक्टर में 383.91 करोड़ रुपए, कच्छ में धातु सेक्टर में 227.77 करोड़ रुपए, भरूच में केमिकल और सेरामिक सेक्टर में 218.88 करोड़ रुपए, मेहसाणा में पेपर सेक्टर में 55.23 करोड़ रुपए, मोरबी में सेरामिक, धातु, पेपर और टेक्सटाइल सेक्टर में 167.70 करोड़ रुपए, राजकोट में धातु सेक्टर में 36.22 करोड़ रुपए, वलसाड में केमिकल, प्लास्टिक और पेपर सेक्टर में 359.47 करोड़ रुपए और सुरेंद्रनगर में पेपर सेक्टर में 29.53 करोड़ रुपए का निवेश शामिल है।

मंत्री ने कहा कि ये स्वीकृतियां राज्य में उद्योगों को और मजबूती देंगी और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ाएंगी। राज्य सरकार ने औद्योगिक नीति-2015 के तहत ‘इन्सेंटिव टू इंडस्ट्रीज’ योजना शुरू की थी, जिसका उद्देश्य विनिर्माण को बढ़ावा देना, उन्नत तकनीकी निवेश आकर्षित करना और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। नेट SGST सहायता जैसी सुविधाओं ने गुजरात को भारत और विश्व में एक प्रमुख निवेश गंतव्य बना दिया है।

बैठक में उद्योग एवं खान विभाग की प्रधान सचिव ममता वर्मा, वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव संजीव कुमार, श्रम एवं रोजगार विभाग के प्रधान सचिव विनोद राव, उद्योग आयुक्त स्वरूप पी. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।-(ANI)