ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अगली सूचना तक पूरी तरह किया बंद 

ईरान की समुद्री निगरानी संस्था ने घोषणा की है कि रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को “अगली सूचना तक पूरी तरह बंद” कर दिया गया है।

अमेरिकी कार्रवाई के बाद तनाव चरम पर

यह कदम रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से बुधवार रात दिए गए आदेश के बाद उठाया गया है। हाल ही में गठित संस्था ‘पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ते तनाव और अमेरिकी बलों की कार्रवाई के बाद यह निर्णय लिया गया है।

संस्था ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि मौजूदा हालात के चलते जलमार्ग को फिलहाल पूरी तरह बंद किया जा रहा है। बयान में स्पष्ट किया गया:

“अमेरिकी बलों की आक्रामकता से उत्पन्न तनाव और ईरानी सशस्त्र बलों के हालिया बयान के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य को अगले आदेश तक बंद किया जाता है।”

जिन जहाजों को पहले से पारगमन की अनुमति दी गई थी, उन्हें निर्देशों का इंतजार करने और स्थिति सामान्य होने तक धैर्य रखने की सलाह दी गई है।

हमले के बाद लिया गया फैसला

यह घोषणा ईरान के एक मालवाहक जहाज पर अमेरिकी प्रोजेक्टाइल हमले के बाद आई है। सिरिक काउंटी के गवर्नर रेजा शाहीदियान के अनुसार, 150 टन का यह स्थानीय स्वामित्व वाला जहाज ओमान के खासाब बंदरगाह से आवश्यक सामान लेकर जा रहा था। हमला ओमान की खाड़ी में बंदरगाह से करीब 5 समुद्री मील दूर हुआ।

IRGC की चेतावनी

इससे पहले आईआरजीसी (IRGC) ने बुधवार रात को ऐलान किया था कि होर्मुज को बंद रखा जा रहा है। किसी भी जहाज को यदि गुजरने की हिमाकत हुई तो उसे शत्रुओं का मददगार समझा जाएगा और निशाना बनाया जाएगा।

विरोधाभासी दावे

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान और अमेरिका के दावे अलग-अलग हैं। ईरान का कहना है कि उसने जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर दिया है, वहीं अमेरिकी सेना का दावा है कि होर्मुज बंद नहीं हुआ है और जहाज अभी भी इस रास्ते से आ-जा रहे हैं। (इनपुट-एजेंसी)