ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने फारस की खाड़ी में दो अमेरिकी पोतों और आठ तेल टैंकरों पर हमला किया है। ईरान ने इसे अमेरिकी हमले के जवाब में की गई कार्रवाई बताया है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।
IRGC के आधिकारिक समाचार आउटलेट ‘Sepah News’ पर जारी बयान के अनुसार, उसकी नौसेना ने मंगलवार रात फारस की खाड़ी में पांच ईरानी तेल टैंकरों पर अमेरिकी हमले के जवाब में इन पोतों को निशाना बनाया और उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का दावा
IRGC ने कहा कि उसकी नौसेना ने ऐसे 10 जहाजों को भी निशाना बनाया, जो अमेरिकी सेना के समर्थन और उकसावे के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक प्रतिबंधित और असुरक्षित क्षेत्र को पार करने की कोशिश कर रहे थे।
IRGC ने दावा किया कि उसकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य का पूरी तरह प्रबंधन और नियंत्रण कर रही है।
बुधवार को IRGC ने यह भी दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने ईरानी तेल टैंकरों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में जॉर्डन स्थित एक अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया।
जॉर्डन की सेना के अनुसार, उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई 20 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 18 को नष्ट कर दिया। सेना ने कहा कि दो मिसाइलें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर गिरीं और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
अमेरिका का जवाब और रूबियो की चेतावनी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बुधवार को सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिकी बलों ने मंगलवार रात पांच ईरानी कच्चे तेल ले जाने वाले जहाजों को नष्ट किया। अमेरिका के अनुसार, यह कार्रवाई IRGC द्वारा पिछले दो दिनों में दो बार एक अमेरिकी नौसैनिक युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने के जवाब में की गई।
अमेरिकी कमांड ने कहा कि युद्धपोत ने ईरान के दोनों हमलों को सफलतापूर्वक टाल दिया और क्षेत्रीय जल क्षेत्र में अपनी गश्त जारी रखी। इसमें किसी अमेरिकी कर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं दी गई।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मंगलवार को चेतावनी दी थी कि अमेरिकी नौसैनिक जहाजों पर हमले की कोशिशों के जवाब में अमेरिका ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाना जारी रखेगा।
रूबियो ने कोलंबिया दौरे के दौरान कहा कि अगर ईरान अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश करता है, तो इसके जवाब में ईरान को अपने तेल टैंकर गंवाने पड़ेंगे।
तेल टैंकरों के चालक दल को निकासी की चेतावनी
ईरानी मीडिया के अनुसार, मंगलवार रात ईरान के दक्षिणी तट के पास अमेरिकी हमलों के बाद IRGC ने कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों पर खड़े तेल टैंकरों के चालक दल को वहां से निकलने की चेतावनी जारी की।
इससे पहले मंगलवार को IRGC की नौसेना ने दावा किया था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश क्षेत्र में अमेरिकी सेना की एक आधुनिक मानवरहित पनडुब्बी को पकड़ लिया है।
इसके बाद अमेरिकी सेना ने कहा कि उसका एक अंडरवाटर ड्रोन एक दिन से अधिक समय पहले क्षेत्रीय जल की निगरानी के दौरान तकनीकी खराबी के कारण काम करना बंद कर गया था। हालांकि, अमेरिकी बयान में यह नहीं बताया गया कि इस ड्रोन को ईरान ने अपने कब्जे में लिया था या नहीं।
-(इनपुटः IANS)


