ईरान का इजराइल पर मिसाइल व ड्रोन से हमला, नेतन्याहू ने कहा- हर स्थिति को तैयार

ईरान ने इजराइल पर दो सौ से अधिक मिसाइल और ड्रोन दागे हैं। इजराइल का दावा है कि ईरान की तरफ से किए गए ज्यादातर मिसाइल और ड्रोन को इजराइल डिफेंस सिस्टम ने हवा में मार गिराया। इजराइल के डिफेंस फोर्स बेस को कुछ नुकसान पहुंचा है। उधर, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् ने इजराइल पर ईरान के हमले के बाद लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर आज (रविवार) शाम 4 बजे आपातकालीन बैठक बुलाई है।

ईरान ने रविवार सुबह 1800 किमी दूर इजराइल पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। सीरिया में ईरान के वाणिज्य दूतावास पर हमले के बाद इसे जवाबी कार्रवाई बताया जा रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के मुताबिक यह लक्षित निशाने के साथ किया गया हमला है।

उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल को सीरिया में वाणिज्य दूतावास पर हमले के बाद ईरान ने बदला लेने की बात कही थी। हमले में सेना के एक शीर्ष कमांडर सहित 7 सैन्य अफसरों की मौत हुई थी। ईरान ने हमले के लिए इजराइल को जिम्मेदार ठहराया था।

उधर, इजराइली डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) की तरफ से कहा गया है कि 100 से ज्यादा ड्रोन छोड़े गए हैं और तमाम हमलों को रोका जा रहा है। इजराइल, लेबनान और इराक ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। जबकि सीरिया और जॉर्डन ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को अलर्ट पर रख दिया है।

इजराइल के प्रधानमंत्री ने वॉर कैबिनेट की बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश किसी भी स्थिति के लिए तैयार है चाहे रक्षात्मक हो या आक्रामक। नेतन्याहू ने कहा कि हमारा साथ देने के लिए अमेरिका के साथ-साथ वे ब्रिटेन, फ्रांस और कई अन्य देशों की सराहना करते हैं।

इजराइल पर ईरान के हमले पर अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडन इजराइल की सुरक्षा करने के लिए दृढ़ हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका हमेशा इजराइल के लोगों के साथ खड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस मुद्दे पर व्हाइट हाउस में आपात बैठक की।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी ईरान के हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि ब्रिटेन, इजराइल और अपने सभी क्षेत्रीय भागीदारों की सुरक्षा के लिए खड़ा रहेगा।
(इनपुट- हिन्दुस्थान समाचार)

 

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...