इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा है कि यूरोपीय संघ को ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार रहना चाहिए। संसद को संबोधित करते हुए मेलोनी ने स्पष्ट किया कि यदि मौजूदा संकट का समाधान नहीं निकलता और ईरान अपने वर्तमान रुख पर कायम रहता है, तो यूरोपीय संघ (EU) को अतिरिक्त दबाव बनाने के लिए नए लक्षित प्रतिबंधों पर विचार करना होगा।
अगर ईरान नहीं बदलता रुख तो नए लक्षित प्रतिबंध लगाए जाएं
मेलोनी ने कहा, “क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों की आवश्यकता है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तेहरान ने अपना रवैया नहीं बदला तो EU को सख्त कदम उठाने होंगे।
इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री की टिप्पणियों की आलोचना की
इसके अलावा मेलोनी ने इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर की हालिया टिप्पणियों की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि इटली के बारे में बेन-ग्वीर के बयान न केवल इटली के लिए अस्वीकार्य हैं, बल्कि इजरायल की गरिमा के अनुरूप भी नहीं हैं।
मेलोनी ने कहा कि सहयोगी देशों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक संवाद में सम्मान और जिम्मेदारी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के रास्ते को प्राथमिकता देने की अपील की।
समुद्री सुरक्षा को लेकर बढ़ रही चिंता
यह बयान ऐसे समय में आया है जब मध्य पूर्व में सैन्य तनाव और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं तथा ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक मार्गों पर असर पड़ने की आशंका है।
मेलोनी का यह रुख गाजा सहायता फ्लोटिला शिप के कार्यकर्ताओं को बंदी बनाने के मामले से जुड़ा है, जिसमें इटली ने EU से प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। बेन-ग्वीर ने इसके जवाब में इटली को ‘लैंड ऑफ फ्लिप फ्लॉप’ कहा था, जिस पर मेलोनी ने आपत्ति जताई। (इनपुट-एजेंसी)


