केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ वर्चुअल बैठक कर पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) और अन्य प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य अवसंरचना सुदृढ़ करने पर जोर
बैठक के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग और समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
एनएचएम के तहत पहली किस्त जारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम बंगाल के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत आवंटित ₹3,505.59 करोड़ में से पहली किस्त के रूप में ₹527.58 करोड़ जारी किए गए हैं। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विभिन्न योजनाओं के बेहतर संचालन में किया जाएगा।
एचपीवी टीकाकरण और टीबी मुक्त भारत अभियान पर फोकस
जेपी नड्डा ने बैठक में देशव्यापी एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान और टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने इन अभियानों में जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया ताकि स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को तेजी से हासिल किया जा सके।
आयुष्मान भारत योजना समेत कई मुद्दों पर चर्चा
बैठक में पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के क्रियान्वयन के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर, स्वास्थ्य अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
केंद्र और राज्य ने दोहराई प्रतिबद्धता
बैठक के अंत में केंद्र सरकार और पश्चिम बंगाल ने सार्वजनिक स्वास्थ्य परिणामों में सुधार तथा सभी नागरिकों के लिए सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सहयोगात्मक प्रयासों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


