न्यूयॉर्क में एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक बैठक के दौरान, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की। इस मुलाक़ात में दोनों नेताओं ने मौजूदा वैश्विक परिदृश्य, बहुपक्षवाद पर उसके प्रभाव और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में भारत के विकास और प्रगति को लेकर यूएन प्रमुख द्वारा दिए जा रहे निरंतर समर्थन का मुद्दा भी प्रमुख रहा।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत के विकास एवं प्रगति के प्रति उनके निरंतर और स्पष्ट समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। जयशंकर ने वैश्विक व्यवस्था, बहुपक्षवाद और विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों पर गुटेरेस के दृष्टिकोण की भी सराहना की। उन्होंने महासचिव का भारत में स्वागत करने की इच्छा व्यक्त की।
विदेश मंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मिलकर अच्छा लगा। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और उसके बहुपक्षवाद पर प्रभाव को लेकर उनकी समझ क़ीमती है। क्षेत्रीय तनाव के मुद्दों पर उनके विचारों का भी स्वागत करता हूँ। भारत के विकास के लिए उनके स्पष्ट समर्थन हेतु धन्यवाद। जल्द ही उन्हें भारत में स्वागत करने की आशा है।”
इससे पहले मंगलवार को गुटेरेस ने लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट को लेकर भारतीय सरकार और देश के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। उनके उप-प्रवक्ता फरहान हक़ ने कहा कि यह घटना “पूरी तरह से जांच की हकदार है”। हक़ ने दैनिक ब्रीफिंग के दौरान बताया, “हम भारत सरकार और भारत के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं। जो हुआ है उसकी पूरी जांच होनी चाहिए।”
सोमवार शाम गेट नंबर-1, लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी हरियाणा-नंबर वाली कार में विस्फोट हुआ था। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि “हमारी एजेंसियां इस साजिश के तह तक जाएंगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”
-(इनपुटःएजेंसी)


