प्रतिक्रिया | Sunday, July 06, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

Jammu-Kashmir: घाटी के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड, सोनमर्ग और गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे

उत्तर भारत में सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ों पर बर्फबारी का नजारा दिखने लगा है। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, क्योंकि न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। श्रीनगर और कई अन्य स्थानों पर आसमान साफ रहने के कारण इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। रात का तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.7 से 5.7 डिग्री कम रहा। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस था।

सोनमर्ग, गुलमर्ग में पारा शून्य से नीचे
अधिकारियों ने बताया कि सवार की रात शहर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात थी और रात का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। घाटी के कुछ इलाकों में कड़ाके की ठंड के कारण जलापूर्ति पाइप जम गए। शीत लहर ने पूरे कश्मीर में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित अधिकांश इलाकों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। इसी बीच सोनमर्ग में शून्य से नीचे 9.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से नीचे 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आगंतुकों: 32165350
आखरी अपडेट: 6th Jul 2025