Print

जंतर-मंतर पर आंदोलन खत्म, सरकार-सीजेपी में सहमति के बाद सभी मेट्रो स्टेशन खुले

जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन समाप्त होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार शाम दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) खोल दिए। सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए सभी स्टेशनों पर अब सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया है।

डीएमआरसी ने दी जानकारी

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खोल दिए गए हैं।”

पहले तीन स्टेशनों पर बहाल हुई थीं सेवाएं

इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होने के बाद डीएमआरसी ने राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं बहाल करने की घोषणा की थी।

18 स्टेशनों पर लगाई गई थी पाबंदी

शनिवार सुबह नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएमआरसी ने केंद्रीय दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी थीं।

इन स्टेशनों पर बंद थे एंट्री-एग्जिट गेट

डीएमआरसी की एडवाइजरी के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद किए गए थे। अब इन सभी स्टेशनों पर सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया है।

सरकार और सीजेपी के बीच बनी सहमति

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर चल रहा अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। यह फैसला केंद्र सरकार के साथ तीन दौर की वार्ता के बाद हुआ। नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा सीजेपी के प्रतिनिधि सौरव दास और आशुतोष रांका मौजूद रहे। बैठक में सरकार ने प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करने पर सहमति जताई।

प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामले होंगे वापस

जेपी नड्डा ने बताया कि सरकार ने आंदोलन में शामिल छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी पुलिस मामले और एफआईआर वापस लेने, इसकी लिखित पुष्टि देने तथा कथित नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को अधिकतम संभव मुआवजा देने का फैसला किया है।

सीजेपी ने छात्रों से घर लौटने की अपील की

सीजेपी नेताओं ने कहा कि सरकार ने आंदोलन के दौरान उठाई गई सभी प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं। पार्टी की ओर से सौरव दास ने कहा कि जब सभी मांगें मान ली गई हैं तो जंतर-मंतर पर धरना जारी रखने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से आंदोलन समाप्त कर शांतिपूर्वक अपने घर लौटने की अपील की। (इनपुट: आईएएनएस)