हरियाणा का जींद शुक्रवार को देश के रेल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शुक्रवार सुबह 11 बजे जींद रेलवे जंक्शन से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उत्साह और सुरक्षा का अनोखा मेल
जींद रेलवे जंक्शन को हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन को देखते हुए दुल्हन की तरह सजाया गया है। पूरे जंक्शन पर फूलों की भव्य सजावट की गई है, जो हर आने वाले का ध्यान खींच रही है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से जंक्शन के अंदर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
जंक्शन को चारों तरफ से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की छावनी में बदल दिया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्कूली बच्चों का जत्था ट्रेन में पहला सफर करने के लिए पहुंचना शुरू हो गया है। बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा है। सामान्य रेल यात्रियों के लिए आवागमन की सुविधा भी बरकरार रखी गई है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
प्रधानमंत्री मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाने के बाद HUDA ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वे हरियाणा में हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। यह हाइड्रोजन ट्रेन स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जींद से सोनीपत तक चलने वाली यह ट्रेन देश में हाइड्रोजन ईंधन आधारित रेल परिवहन की शुरुआत का प्रतीक बनेगी। आज का दिन हरियाणा के लिए और पूरे देश के लिए यादगार साबित होने वाला है। (इनपुट-एजेंसी)


