18/11/24 | 11:43 pm | K. Sanjay Murthy | New CAG

Print

के. संजय मूर्ति होंगे नए नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक

केंद्र ने आईएएस के. संजय मूर्ति को भारत का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक नियुक्त किया है। उनके द्वारा अपने कार्यालय का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से यह प्रभावी होगा। संजय मूर्ति गिरीश चंद्र मुर्मू की जगह लेंगे जिन्हें अगस्त 2020 में कैग के रूप में नियुक्त किया गया था। के. संजय मूर्ति आंध्र प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में काम कर रहे थे। इस भूमिका में, मूर्ति उच्च शिक्षा से संबंधित नीतियों की देखरेख करते थे।

संजय मूर्ति, गिरिश चंद्र मुर्मू की जगह लेंगे। गौरतलब है कि संविधान के अनुच्छेद 148 के तहत राष्ट्रपति ने मूर्ति को नियुक्त किया है। भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) को संघ और राज्य सरकार के सभी विभागों का ऑडिट करने का अधिकार है। इनमें रेलवे, रक्षा, भारतीय डाक और दूरसंचार जैसे विभाग शामिल हैं। इसके अलावा, CAG 1500 से अधिक सार्वजनिक वाणिज्यिक उद्यमों, 400 से अधिक गैर-वाणिज्यिक स्वायत्त निकायों, और केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित विभिन्न निकायों और प्राधिकरणों का भी ऑडिट कर सकता है। इसमें स्थानीय निकाय और पंचायत राज संस्थाएं भी शामिल हैं।

CAG को संविधान के अनुच्छेद 149 के माध्यम से अधिकार प्राप्त है कि वह ऑडिट के दायरे में आने वाले किसी भी कार्यालय या संगठन का निरीक्षण, उनके भीतर किए गए सभी लेन-देन की जांच, कार्यपालिका से सवाल और किसी भी दस्तावेज, कागजात या रिकॉर्ड की मांग कर सकता है।