बांग्लादेश रेलवे के लिए कपूरथला रेल डिब्बा कारखाने ने तैयार किया 19 एलएचबी कोच का पहला रेक

रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ), कपूरथला 12 अगस्त 2026 को बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 एलएचबी ब्रॉड गेज यात्री डिब्बों वाले पहले रेक के रोल-आउट के साथ एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। इन डिब्बों को बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है। रेक में 3 एसी स्लीपर कार, 3 एसी चेयर कार, 11 नॉन-एसी चेयर कार और 2 पावर कार शामिल हैं।

बांग्लादेश की जरूरतों के मुताबिक डिजाइन

इन रेल डिब्बों में कई विशिष्ट डिजाइन विशेषताओं और संशोधनों को शामिल किया गया है। इनमें से कई सुविधाएं एलएचबी प्रकार के डिब्बों में पहली बार विकसित की गई हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन की गई रिक्लाइनिंग चेयर, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट लगाए गए हैं। सीटों को कई पोजीशन में रिक्लाइन करने की सुविधा भी दी गई है।

सीसीटीवी से बेबी केयर रूम तक सुविधाएं

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इन कोचों में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। एसी कोचों में पंखों के अलावा इंटीग्रेटेड सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम, पैसेंजर अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बेबी केयर रूम और प्रार्थना कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल हैं। बांग्लादेश की विशिष्ट परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को भी मजबूत किया गया है, ताकि पीक ट्रैफिक अवधि में छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार को सहन किया जा सके।

यूरोपीय मानक के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन

इन कोचों की प्रमुख तकनीकी विशेषताओं में यूरोपीय मानक EN 15227 के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन प्रावधानों को शामिल किया जाना है। इसके लिए कार बॉडी शेल को व्यापक रूप से रीडिजाइन किया गया है, ताकि टक्कर की स्थिति में कोच बेहतर प्रदर्शन कर सके और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।

415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए विद्युत प्रणाली

कोचों की विद्युत प्रणाली को भी बांग्लादेश रेलवे की जरूरतों के अनुरूप विशेष रूप से 415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है। इसके विपरीत भारतीय रेल के कोचों में सामान्यतः 750 वोल्ट प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। इस बदलाव के जरिए कोचों को बांग्लादेश रेलवे के मौजूदा परिचालन ढांचे के अनुरूप तैयार किया गया है।

2015-16 में शुरू हुआ सहयोग

आरसीएफ और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत वर्ष 2015-16 में हुई थी। उस समय आरसीएफ ने बांग्लादेश रेलवे को 120 एलएचबी ब्रॉड गेज यात्री कोचों की सफल आपूर्ति की थी। इस सफल साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में एक बार फिर राइट्स (RITES) के माध्यम से आरसीएफ को सात अलग-अलग प्रकार के 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का प्रतिष्ठित ऑर्डर दिया। (इनपुट: पीआईबी)