कंसास में ट्रंप ने खत्म किया मिडटर्म चुनाव प्रचार, बोले- अमेरिका जब चाहे ईरान को रोक सकता है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंसास के सलीना में चुनावी रैली के साथ अपने मिडटर्म चुनाव प्रचार का समापन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका जब चाहे ईरान को पूरी तरह रोक सकता है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पिछले 17 महीनों में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल नहीं हुआ है।

ट्रंप ने रैली को अपने चुनाव प्रचार की 30वीं सभा बताते हुए कहा, “यह वास्तव में हमारा आखिरी पड़ाव है। हम आज रात इसे समाप्त कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि वह रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल की दोबारा जीत सुनिश्चित करने में मदद करने के लिए कंसास आए हैं। ट्रंप ने कहा, “मैं कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था।”

इस सप्ताह की शुरुआत में ट्रंप ने कंसास और आयोवा में होने वाले व्यक्तिगत चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे और उनकी जगह टेली-रैलियां करने का फैसला किया था। हालांकि, रविवार को उन्होंने पहले आयोवा में सभा को संबोधित किया और फिर कंसास पहुंचे।

ईरान के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने तेहरान को अपनी ताकत का एहसास करा दिया है। उन्होंने कहा, “हम जब चाहें उन्हें रोक सकते हैं। हम फिलहाल नरमी बरतने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि यह बहुत करीब है। हम बस उन्हें रोक देंगे और यह सब खत्म हो जाएगा।”

ट्रंप ने अपनी नीति की तुलना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में 2015 में हुए ईरान परमाणु समझौते (JCPOA) से की। उन्होंने कहा कि वह समझौता ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने का रास्ता दे रहा था, जबकि उनके प्रशासन ने इसके उलट कदम उठाए हैं। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने देश में तेल की कीमतों को लेकर भी अपनी सरकार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में तेल की कीमतें पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और बराक ओबामा के कार्यकाल की तुलना में काफी कम हैं।

हालांकि, अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) के आंकड़ों के अनुसार, 26 अक्टूबर को नियमित पेट्रोल की राष्ट्रीय औसत कीमत करीब 4.27 डॉलर प्रति गैलन थी, जो एक साल पहले की तुलना में लगभग 1.23 डॉलर अधिक है। वहीं, 23 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) कच्चे तेल की औसत कीमत करीब 107 डॉलर प्रति बैरल रही। जनवरी 2025 में यह कीमत लगभग 73 से 79 डॉलर प्रति बैरल के बीच थी, जब बाइडेन ने राष्ट्रपति पद छोड़ा था।

अवैध आव्रजन के मुद्दे पर ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि अमेरिका की दक्षिणी सीमा पूरी तरह सील कर दी गई है। उन्होंने कहा, “अब 17 महीने हो गए हैं। सोचिए, पिछले 17 महीनों में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से हमारे देश में नहीं आया है।”

उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी पर आरोप लगाया कि उसके नेता खुले तौर पर देश की सीमाएं समाप्त करने का वादा कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि डेमोक्रेट्स करों में लाखों करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी करना चाहते हैं।

-(इनपुटः आईएएनएस)