Print

खादी अब फैशन और लाइफस्टाइल की नई पहचान, भारत टेक्स 2026 में दिखी झलक

खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के अध्यक्ष मनोज गोयल ने मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 के हॉल नंबर-10 में ‘खादी इंडिया पवेलियन’ का उद्घाटन किया और पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शकों, कारीगरों और खादी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खादी आज केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध विरासत, आत्मनिर्भरता, सतत विकास और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक बन चुकी है।

‘नए भारत की नई खादी’ में नवाचार और आधुनिक डिजाइन पर जोर

मनोज गोयल ने खादी के होम लिनेन, होम डेकोर, आधुनिक परिधानों, नवाचार आधारित उत्पादों और पारंपरिक उत्पादन उपकरणों की प्रदर्शित श्रृंखला का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शोध, डिजाइन और नवाचार के जरिए ‘नए भारत की नई खादी’ को नई पीढ़ी की पसंद और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खादी अब कपड़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि लाइफस्टाइल उत्पादों और वैश्विक फैशन उद्योग में भी अपनी अलग पहचान बना चुकी है।

जामदानी खादी के नवाचार की सराहना

केवीआईसी अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल की घोरानाश सिल्क खादी ग्रामोद्योग समिति द्वारा प्रदर्शित ‘मुला’ जामदानी साड़ी और परिधानों के कलेक्शन की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक जामदानी बुनाई को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ने जैसे नवाचार भारतीय खादी और हथकरघा को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि खादी आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, लोकल से ग्लोबल और विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

खादी लाखों कारीगरों की आजीविका और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक

मनोज गोयल ने कहा कि खादी केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि लाखों कारीगरों और बुनकरों की आजीविका, भारत की सांस्कृतिक विरासत और सतत विकास के प्रति देश की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

1.87 लाख करोड़ रुपए का कारोबार, 2.04 करोड़ लोगों को मिला रोजगार

केवीआईसी अध्यक्ष ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने 1.87 लाख करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार दर्ज किया और देशभर में 2.04 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की निरंतर वृद्धि से आने वाले वर्षों में इसका कारोबार 2.51 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा।

भारत टेक्स 2026 में दुनिया के सामने प्रदर्शित हो रही खादी की नई पहचान

भारत टेक्स 2026 का आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जा रहा है। इस वैश्विक आयोजन में भारत और विदेश से हजारों खरीदार, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, डिजाइनर, उद्यमी और नीति निर्माता भाग ले रहे हैं। ‘खादी इंडिया पवेलियन’ के माध्यम से खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग भारत की समृद्ध खादी विरासत, डिजाइन उत्कृष्टता, नवाचार और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित कर रहा है। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

2 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...