विदेश राज्य मंत्री तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह रविवार को स्विट्जरलैंड के जिनेवा पहुंचे। जिनेवा हवाई अड्डे पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने उनका स्वागत किया। कीर्ति वर्धन सिंह 6 और 7 जुलाई को आयोजित संयुक्त राष्ट्र के पहले ‘ग्लोबल डायलॉग ऑन एआई गवर्नेंस’ में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
मानव-केंद्रित एआई गवर्नेंस पर रहेगा भारत का जोर
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि भारत इस वैश्विक एआई गवर्नेंस संवाद में सक्रिय भागीदारी को लेकर उत्साहित है। मिशन के अनुसार, भारत का जोर ऐसे एआई गवर्नेंस मॉडल पर रहेगा जिसमें मानव को केंद्र में रखा जाए।
संयुक्त राष्ट्र के नए वैश्विक मंच पर होगी चर्चा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ‘ग्लोबल डायलॉग ऑन एआई गवर्नेंस’ संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव 79/325 के तहत स्थापित एक सार्वभौमिक और बहु-हितधारक मंच है। इसका गठन सितंबर 2024 में अपनाए गए ‘ग्लोबल डिजिटल कॉम्पैक्ट’ और ‘पैक्ट ऑफ द फ्यूचर’ के बाद किया गया। इस मंच का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर एआई गवर्नेंस से जुड़े विभिन्न देशों, क्षेत्रीय संगठनों और अन्य हितधारकों के प्रयासों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
वैज्ञानिक पैनल की पहली वार्षिक रिपोर्ट होगी पेश
संवाद के दौरान एआई पर स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल (आईआईएसपीए) अपनी पहली वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इस रिपोर्ट में एआई की क्षमताओं, उभरते अवसरों और संभावित जोखिमों का पहला स्वतंत्र वैज्ञानिक आकलन शामिल होगा। पैनल का उद्देश्य एआई की वैज्ञानिक समझ, पारदर्शिता, जवाबदेही और मानव निगरानी को मजबूत करना है। साथ ही यह विशेष रूप से विकासशील देशों की क्षमता निर्माण में सहयोग करेगा ताकि एआई का उपयोग सतत विकास के लिए किया जा सके।
चार प्रमुख विषयों पर होगा विचार-विमर्श
जिनेवा में आयोजित इस वैश्विक संवाद में एआई के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव, एआई से जुड़ी असमानताओं को कम करना, सुरक्षित एवं भरोसेमंद एआई का विकास तथा एआई के संदर्भ में मानवाधिकार जैसे चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इस प्रक्रिया के तहत सह-अध्यक्षों ने विभिन्न हितधारकों से व्यापक परामर्श भी किए थे, जिनमें फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुई बैठक भी शामिल थी।
2027 में न्यूयॉर्क में होगा दूसरा सत्र
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक ने अल साल्वाडोर की एग्रीसेल्डा लोपेज और एस्टोनिया के रेन टैम्सार को वर्ष 2026 के एआई संवाद का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस वैश्विक संवाद का दूसरा सत्र मई 2027 में न्यूयॉर्क में आयोजित किया जाएगा। (इनपुट: आईएएनएस)


