कोलकाता मेट्रो ने शहर के मेट्रो सेवा उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी सुविधा की घोषणा की गई है। भारत के सबसे पुराने मेट्रो नेटवर्क में से एक, कोलकाता मेट्रो ने अपनी मोबाइल ऐप ‘आमार कोलकाता मेट्रो’ का नया अपग्रेडेड संस्करण को लॉन्च किया है, जिसके ज़रिए लोग केवल ऐप के सहारे यात्रा भी कर सकेंगे और रूट की जानकारी भी कर सकेंगे। कोलकाता मेट्रो ने हाल ही में सेवा के 41 साल पूरे किये हैं।
इसी साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता में तीन नये मेट्रो रूट का उद्घाटन किया,जिन्हें केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा तैयार कराया गया, ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (ग्रीन लाइन) हावड़ा मैदान से सॉल्ट लेक सेक्टर V तक, येलो लाइन पर नोआपाड़ा से जय हिंद (एयरपोर्ट) खंड तक, और ऑरेंज लाइन पर बेलेघाटा से हेमंता मुखोपाध्याय खंड तक, जिसके बाद से कोलकाता मेट्रो ने लगातार यात्रियों का संख्या का रिकॉर्ड बनाया है। उक्त तीनों रूट के शुरु होने के बाद से लगातार कोलकाता मेट्रो में 8 लाख के आसपास यात्रियों के यात्रा करने के आंकड़ा मिलने लगा है।
इसके बाद दुर्गा पूजा के दौरान इन नये रूट्स के चलते कोलकाता मेट्रो ने नयी ऊंचाइयों को छुआ और 46.5 लाख लोगों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाया, इस दौरान एक ही दिन में 9.8 लाख लोगों ने मेट्रो की यात्रा की।
पीएम मोदी के दिशानिर्देश पर भारतीय रेल व केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय लगातार कोलकाता मेट्रो के विस्तार व यात्रियों की सुविधा पर ज़ोर दे रहा है, न्यू गरिया से लेकर एयरपोर्ट (ऑरेंज लाइन) रूट का काम भी अगले वर्ष पूरा होने की संभावना है।
ऐप लॉन्च समारोह में मेट्रो रेलवे कोलकाता के महाप्रबंधक शुभ्रांशु शेख़र मिश्रा ने मुख्य भूमिका निभाते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि लोग बिना कैश, बिना किसी कार्ड के ऐप के ज़रिये ही केवल फोन को स्कैन कर यात्रा करें। ऐप के इस नए संस्करण के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग, बेहतर भुगतान विकल्प और सरल यात्रा अनुभव का लाभ मिलेगा।
मुख्य सुविधाएं
• नई ऐप में प्रमुख बैंकिंग गेटवे HDFC Bank के स्मार्ट गेटवे का समावेश किया गया है, जिससे यू-पी-आई तथा डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट-बैंकिंग आदि से टिकट खरीदना आसान होगा।
• मोबाइल QR टिकट और स्मार्ट-कार्ड टॉप-अप जैसी सेवाओं को और उपयोगकर्ता-केन्द्रित बनाया गया है।
• ऐप का उपयोग कर पहले से टिकट बुक करने पर, यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और यात्रा अनुभव सहज होगा।
यात्रियों पर प्रभाव
मेट्रो रेलवे के अनुसार, ऐप के इस नए संस्करण से यात्रियों को समय-बचत होगी, क्योंकि टिकट खरीदने के लिए आकस्मिक प्लेटफार्म पर कतार लगाना कम होगा। इससे मेट्रो स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।
भविष्य की दिशा
महाप्रबंधक ने कहा है कि यह शुरुआत है और आने वाले समय में और भी डिजिटल-उन्नत सुविधाएं लाने का लक्ष्य है, ताकि कोलकाता मेट्रो पूरी तरह से स्मार्ट यात्रा नेटवर्क बन सके।
यह कदम मेट्रो सेवा को और अधिक आधुनिक, सुगम तथा यात्रियों-अनुकूल बनाने की दिशा में माना जा रहा है।
-(लेखिका आशिका सिंह का पत्रकारिता जगत में 18 वर्षों का अनुभव है, वर्तमान में वे प्रसार भारती न्यूज सर्विस के साथ जुड़ी हैं)


